जोधपुर में बोले अमित शाह- चाहे कितनी भी पार्टियां इकट्ठा कर लो, आएंगे तो मोदी ही

Apr 1, 2024 - 18:54
 0  16
जोधपुर में बोले अमित शाह- चाहे कितनी भी पार्टियां इकट्ठा कर लो, आएंगे तो मोदी ही

नई दिल्ली। राजस्थान के जोधपुर में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को विशाल रैली को संबोधित किया। अमित शाह ने कहा कि मैं आज मोदी की गारंटी आपको बताने आया हूं। मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बना दीजिए, भारत दुनिया में तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा।  

इस दौरान अमित शाह ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अब लोकतंत्र के बारे में बात करने का कोई अधिकार नहीं है, क्योंकि उनकी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगाया था। उस दौरान लाखों लोगों को जेल में डाल दिया गया था और राजनीतिक दलों पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।

अमित शाह ने दिल्ली के रामलीला मैदान में 'लोकतंत्र बचाओ' रैली को लेकर इंडिया गठबंधन की पार्टियों पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि चाहे आप कितनी भी पार्टियां इकट्ठा कर लें, चुनाव के बाद प्रधानमंत्री के रूप में केवल मोदी ही आने वाले हैं। अमित शाह ने कहा कि जो भ्रष्टाचार करेगा वह सलाखों के पीछे जाएगा। उन्होंने कहा कि देश की जनता मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए तैयार है। उनके अगले कार्यकाल में भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।
 
उन्होंने कहा कि 10 साल पहले देश में यूपीए की सरकार थी और देश के भविष्य को सोनिया-मनमोहन ने अंधकारमय बना दिया था। 2014 में देश और राजस्थान की जनता ने मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाने का काम किया और 10 साल में मोदी जी ने देश के अंदर हर क्षेत्र में परिवर्तन लाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने देश को सुरक्षित और समृद्ध बनाने का काम किया है। 

उन्होंने कहा कि हमने इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए ढेर सारे काम किए हैं। 10 साल में हर सप्ताह 1 नई यूनिवर्सिटी खोलने का काम मोदी जी ने किया है। हर दिन 37 स्टार्टअप रजिस्टर्ड करने का काम मोदी जी ने किया है। भारत में हर दिन 16 हजार करोड़ रुपये के यूपीआई ट्रांजेक्शन होते हैं। भारत में हर दिन 14 किमी रोड बनती है। भारत में हर दिन गैस के 50 हजार कनेक्शन देने का काम मोदी जी ने किया है। हर सेकंड एक घर को नल का कनेक्शन देने का काम भी मोदी जी और भाजपा ने किया है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow