राज्य

Uttarakhand News: पहाड़ों में सफर होगा आसान, उत्तराखंड को मिलीं 59 नई बसें, CM धामी ने दिखाई हरी झंडी; दुर्गम क्षेत्रों में भी मजबूत होगी परिवहन व्यवस्था…..

देहरादून. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास से उत्तराखण्ड परिवहन निगम की 59 नई साधारण बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. बीएस-06 उत्सर्जन मानकों के अनुरूप इन नई बसों के परिवहन निगम के बेड़े में शामिल होने से प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी. साथ ही यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के विस्तार एवं आधुनिकीकरण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है. विशेष रूप से पर्वतीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में बेहतर आवागमन सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि प्रदेश के अंतिम छोर पर बसे गांवों तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए सड़क संपर्क के साथ ही सुदृढ़ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था भी आवश्यक है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवहन निगम के बेड़े में नई बसों के शामिल होने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत होगा. राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र को बेहतर कनेक्टिविटी से जोड़ा जाए, ताकि स्थानीय निवासियों के साथ ही पर्यटकों को भी सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके.

उत्तराखण्ड परिवहन निगम की इन 59 नई बसों का आवंटन प्रदेश के तीन मंडलों में किया गया है. इनमें नैनीताल मंडल को 19, टनकपुर मंडल को 20 तथा देहरादून मंडल को 20 बसें आवंटित की गई हैं. इन बसों का संचालन आवश्यकता के अनुरूप विभिन्न मार्गों पर किया जाएगा, जिससे आमजन को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी.

वर्तमान में उत्तराखण्ड परिवहन निगम के बेड़े में कुल 1,276 बसें संचालित हैं, जिनमें निगम की अपनी 891 तथा 385 अनुबंधित बसें शामिल हैं. नई बसों के शामिल होने से निगम की सेवाओं को और मजबूती मिलेगी. आधुनिक बीएस-06 उत्सर्जन मानकों के अनुरूप ये बसें पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी सकारात्मक योगदान देंगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय राज्य में सार्वजनिक परिवहन का विशेष महत्व है. बेहतर परिवहन सेवाओं से आमजन को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों में आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है. राज्य सरकार परिवहन सेवाओं को अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय और सुविधाजनक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है.

मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग एवं उत्तराखण्ड परिवहन निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी. उन्होंने प्रदेशवासियों, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों के निवासियों को नई बस सेवाओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार का प्रयास है कि उत्तराखण्ड का प्रत्येक क्षेत्र बेहतर परिवहन सुविधाओं से जुड़े और विकास की यात्रा में कोई भी क्षेत्र पीछे न रहे.

Related Articles

Back to top button