कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हुए बॉक्सर विजेंदर सिंह

Apr 3, 2024 - 16:30
 0  12
कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हुए बॉक्सर विजेंदर सिंह

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच नेताओं का पार्टी बदलने का सिलसिला जारी है। अब बॉक्सर विजेंदर सिंह ने कांग्रेस का हाथ छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया है। बीजेपी में शामिल होने के बाद बॉक्सर विजेंदर सिंह ने कहा कि मैं देश के विकास और जनता की सेवा के लिए बीजेपी में शामिल हुआ हूं। मैं चाहता हूं कि लोगों की और खासतौर से खिलाड़ियों को होने वाली समस्याओं को मैं दूर कर सकूं। 

उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी को अगर कोई समस्या होगी तो मैं उससे बात करके उस समस्या का हल निकालने का प्रयास करूंगा। पिछले कुछ दिनों से ऐसी चर्चा थी कि विजेंदर सिंह कांग्रेस से चुनाव लड़ सकते हैं। कहा जा रहा था कि कांग्रेस विजेंदर को मथुरा से चुनावी मैदान में उतारने पर विचार कर रही थी मगर आज विजेंदर के बीजेपी में शामिल हो जाने के बाद सारी अटकलों पर विराम लग गया।

विजेंदर सिंह ने 2008 में हुए बीजिंग ओलंपिक में मुक्केबाजी में कांस्य पदक जीता था। इसके अलावा भी उन्होंने कई अन्य अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में भी देश के लिए पदक जीते हैं। 2006 में दोहा में हुए एशियन गेम्स में उन्होंने ब्रोंज मेडल जीता। विजेंदर को भारत के सर्वोच्च खेल अवार्ड राजीव गांधी खेल रत्न अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त विजेंदर को पद्म श्री जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कार से भी नवाजा गया है।

बता दें कि बॉक्सर विजेंद्र सिंह 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े थे। हालांकि इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि वह कांग्रेस के साथ जुड़े रहे। लेकिन दिसंबर 2023 में उन्होंने सोशल मीडिया पर राजनीति से संन्यास लेने की बात कही थी। कांग्रेस ने 2019 में विजेंद्र को साउथ दिल्ली सीट से चुनाव लड़ाया था, लेकिन इस चुनाव में वह रमेश विधूड़ी के खिलाफ हार गए।

इसके बाद राजनीति में उनकी सक्रियता कम हो गई। हालांकि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान वह कई बार राहुल गांधी के साथ चलते नजर आए। दिसंबर 2023 में उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, राजनीति को राम-राम। इसके बाद कयास लगाए गए कि विजेंद्र सिंह राजनीति से दूरी बनाने जा रहे हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow