रायपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज बेमेतरा के स्कूल ग्राउंड मैदान में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह एवं लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने बेमेतरा जिलेवासियों को 183.36 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 30 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 22 कार्यों का भूमिपूजन 153.55 करोड़ रुपये की लागत से तथा 08 कार्यों का लोकार्पण 29.80 करोड़ रुपये की लागत से किया गया।
विभागवार कार्यों की बात करें तो लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 05 कार्यों के लिए 131.82 करोड़ रुपये की लागत से भूमिपूजन किया गया। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत 07 कार्यों की लागत 14.17 करोड़ रुपये है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से संबंधित 01 कार्य के लिए 2.76 करोड़ रुपये तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 01 कार्य के लिए 2.54 करोड़ रुपये की लागत से भूमिपूजन किया गया। इसी तरह जनपद पंचायत बेरला के अंतर्गत 05 कार्यों के लिए 1.42 करोड़ रुपये की लागत से भूमिपूजन किया गया।
जनपद पंचायत बेमेतरा के अंतर्गत कुल 05 कार्यों में 03 कार्यों का भूमिपूजन 82.88 लाख रुपये तथा 02 कार्यों का लोकार्पण 48.40 लाख रुपये की लागत से किया गया, जिनकी कुल लागत 1.31 करोड़ रुपये है। वहीं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अंतर्गत 02 कार्यों का 2.31 करोड़ रुपये की लागत से तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के अंतर्गत 01 कार्य का 25 लाख रुपये की लागत से लोकार्पण किया गया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल, पुलिस अधोसंरचना एवं ग्रामीण विकास से जुड़े इन विकास कार्यों की सौगात से बेमेतरा जिले में विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। इन कार्यों से जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को और मजबूती मिलेगी तथा विकास की दिशा में नए अवसर उपलब्ध होंगे।
81 सेवानिवृत्त शिक्षकों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा जिले के 81 सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान किया गया। इसके साथ ही जिले के प्रतिभावान 42 विद्यार्थियों को बेमेतरा के दानदाताओं के माध्यम से सम्मानित किया गया। शिक्षक सम्मान समारोह के आयोजन का बेमेतरा में एक गौरवशाली इतिहास रहा है। वर्ष 1986 में तत्कालीन विधायक बेमेतरा स्वर्गीय श्री रेवेन्द्र सिंह वर्मा ने नागरिकों एवं अधिकारियों के सहयोग से इस शिक्षक सम्मान समारोह की शुरुआत की थी। तब से यह सम्मान समारोह लगातार 40 वर्षों से अनवरत आयोजित होता आ रहा है। इस आयोजन के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ जिले की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जाता है।




