बाल-बाल बचींराष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, हेलीकॉप्टर लैंड होते ही धंस गया हेलीपैड

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का बुधवार को बड़ा हादसा टल गया। सबरीमला में भगवान अयप्पा के दर्शन कर राष्ट्रपति मुर्मु वायुसेना के हेलीकॉप्टर से केरल के पथानामथिट्टा जिले के प्रमादम स्थित राजीव गांधी स्टेडियम उतरी थीं। राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर उतरने के बाद अचानक हेलीपैड धंस गया। जिससे राष्ट्रपति मुर्मु का हेलीकॉप्टर एक तरफ झुक गया। उसके पहिए भी हेलीपैड में फंस गए। ऐसा होते ही मौके पर मौजूद पुलिस और फायर ब्रिगेड के कर्मचारी दौड़े और हेलीकॉप्टर को सुरक्षित बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि स्टेडियम में बीती रात ही कंक्रीट डालकर हेलीपैड तैयार किया गया था। इस वजह से वो ठीक से सूख नहीं पाया था।
जिले के अफसरों के मुताबिक पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हेलीकॉप्टर को निलक्कल में उतारा जाना था, लेकिन खराब मौसम के कारण पथानामथिट्टा के प्रमादम स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में हेलीकॉप्टर उतारने के लिए नया हेलीपैड बनाया गया। हेलीपैड के लिए मंगलवार देर रात कंक्रीट डाला गया था और वो पूरी तरह सख्त नहीं हो सका। ऐसे में वायुसेना के भारी हेलीकॉप्टर का वजन न सह पाने के कारण वो एक तरफ धंस गया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मंगलवार को चार दिन के केरल दौरे पर तिरुवनंतपुरम पहुंची थीं। वो बुधवार को सबरीमला मंदिर में पूजा करने गई थीं। अफसरों के मुताबिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु समेत हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। हेलीकॉप्टर को भी नुकसान नहीं हुआ है। राष्ट्रपति की सुरक्षा अत्यंत कड़ी होती है। इसे ईश्वर की कृपा ही कहा जाएगा कि राष्ट्रपति बड़े हादसे से बाल-बाल बचीं।




