दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता पर हमला, जन सुनवाई के दौरान मारा थप्पड़

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को एक शख्स ने हमला कर दिया। जिस समय रेखा गुप्ता पर हमला हुआ उस दौरान मुख्यमंत्री जनसुनवाई कर रहीं थीं। हमला करने के आरोप में 41 साल के एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जनसुनवाई में मौजूद एक शख्स ने थप्पड़ मारा और बाल पड़कर खींचने की कोशिश की।
मुख्यालय कार्यालय ने इस संबंध में कहा कि जनसुनवाई के दौरान एक व्यक्ति ने सीएम रेखा गुप्ता पर हमला किया। आरोपी को दिल्ली पुलिस ने पकड़ लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने बताया है कि मुख्यमंत्री आवास पर जनसुनवाई के दौरान रेखा गुप्ता पर हुए हमले के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर सिविल लाइंस पुलिस थाने ले जाया गया है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, हमलावर ने सबसे पहले रेखा गुप्ता को एक कागज दिया…इसके बाद उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने रेखा गुप्ता के साथ गाली-गलौज भी किया। घटना के बाद पुलिस के बड़े अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं।
दिल्ली पुलिस ने आरोपी पर अटेम्प्ट टू मर्डर (हत्या की कोशिश) का केस दर्ज किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी को आज ही कोर्ट में पेश भी किया जाएगा। आरोपी का नाम राजेशभाई खीमजीभाई सकरिया (41) है। वह गुजरात के राजकोट का रहने वाला है। मंत्री प्रवेश वर्मा ने दावा किया है कि आरोपी 24 घंटे से मुख्यमंत्री की रेकी कर रहा था।