Breaking News

केरल की नर्स निमिषा प्रिया की सजा टली, हत्या के मामले में दी जानी थी फांसी

नई दिल्ली। केरल की नर्स निमिषा प्रिया के बारे में बड़ी खबर आई है। निमिषा प्रिया को यमन के कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई थी। निमिषा प्रिया को फांसी देने के लिए बुधवार 16 जुलाई 2025 की तारीख तय की गई थी। इससे एक दिन पहले अच्छी खबर आई है कि निमिषा प्रिया की फांसी की सजा टाल दी गई है।

मोदी सरकार निमिषा प्रिया को फांसी से बचाने के लिए लगातार यमन सरकार से बात कर रही है। वहीं, निमिषा प्रिया को बचाने के लिए 8 करोड़ रुपए के बराबर ब्लड मनी की व्यवस्था भी हुई है। हालांकि, जिस व्यक्ति तलाल अब्दो मेहदी के कत्ल के आरोप में निमिषा प्रिया को फांसी की सजा हुई है, उसके परिवार ने ब्लड मनी लेने से मना कर दिया था।

निमिषा प्रिया की फांसी की सजा टलने की खबर आने से पहले ये जानकारी भी आई थी कि भारत के सुन्नी धर्मगुरु मुफ्ती कंथापुरम एपी अबुबकर मुसलियार ने इस मामले में यमन के धार्मिक नेता शेख हबीब उमर से बात की है। सुन्नी धर्मगुरु अबुबकर मुसलियार के आग्रह पर शेख हबीब उमर मृतक तलाल अब्दो मेहदी के परिवार से भी बात करने के लिए राजी हुए हैं।

ऐसे में अब लग रहा है कि निमिषा प्रिया की जान बच सकती है। अगर यमन के मशहूर धार्मिक नेता शेख हबीब उमर के कहने पर तलाल अब्दो मेहदी के परिवार के लोग ब्लड मनी लेने की बात मान लेते हैं, तो निमिषा प्रिया की फांसी की सजा रद्द हो सकती है। अरब देशों में ब्लड मनी लेकर दोषी को माफ किए जाने की परंपरा रही है।

निमिषा प्रिया पर आरोप लगा था कि उन्होंने तलाल अब्दो मेहदी को बेहोशी का इंजेक्शन दिया और उससे उनकी मौत हो गई। निमिषा पर अपने एक दोस्त के साथ मिलकर तलाल के शव के टुकड़े करने का भी आरोप लगा था। निमिषा के परिवार का कहना है कि तलाल ने प्रिया का पासपोर्ट अपने पास रख लिया था।

साथ ही ये तलाल अब्दो मेहदी ने ये दावा भी किया था कि निमिषा से उसकी शादी हुई है। जबकि, निमिषा प्रिया के पति और एक बेटी भी हैं। जानकारी के मुताबिक तलाल से अपना पासपोर्ट लेकर भारत वापस आने के लिए निमिषा ने उसे बेहोशी का इंजेक्शन दिया था। फिलहाल निमिषा प्रिया की फांसी की सजा टलने से केरल में उनके परिवार को निश्चित तौर पर राहत मिली होगी। निमिषा की मां बीते एक साल से बेटी को बचाने के लिए यमन में ही हैं।

Related Articles

Back to top button