breaking news

छत्तीसगढ़ में सीएम पर सस्पेंस खत्म, आदिवासी नेता विष्णुदेव साय होंगे नए मुख्यमंत्री





रायपुर। छत्तीसगढ़ के सीएम को लेकर कई दिनों से चला आ रहा सस्पेंस खत्म हो गया है। बीजेपी ने छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान कर दिया। तीन बार के सीएम रह चुके रमन सिंह के जगह पर नए चेहरे को मौका दिया गया है। छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे। आदिवासी समाज से आने वाले विष्णु देव साय का नाम रविवार को हुई बीजेपी विधायक दल की बैठक में तय किया गया।

विष्णुदेव साय कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। विष्णुदेव साय साल 2020 से 2022 तक छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। साथ ही वो मोदी सरकार के पहले कैबिनेट में स्टील, खादान, श्रम और रोजगार विभाग के राज्यमंत्री रह चुके। बता दें कि विष्णु देव साय साल 1999, 2004, 2009 और 2014 में रायगढ़ निर्वाचन क्षेत्र से लगातार चार बार लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं।

बता दें कि छत्तीसगढ़ में सीएम पद की रेस में विष्णु देव साय के अलावा रमन सिंह, रेणुका सिंह समेत कई अन्य नेताओं का नाम था। रेणुका सिंह ने हाल ही में सांसद पद से इस्तीफा दिया है। रेणुका सिंह प्रदेश की भरतपुर सोनहत सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंची हैं। राज्य में लंबे समय से अटकलें लगाई जा रही थीं कि भाजपा इस बार राज्य में आदिवासी चेहरे को सीएम बना सकती है।

भाजपा विधायक दल की रायपुर स्थित पार्टी मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में हुई इस बैठक में बीजेपी के सभी 54 विधायक हिस्सा ले रहे थे। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व की ओर से भेजे गए तीन पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और सर्बानंद सोनोवाल और पार्टी महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम भी बैठक में शामिल हुए। इनके अलावा पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रभारी ओम माथुर, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और राज्य के सह प्रभारी नितिन नबीन भी बैठक में मौजूद रहे।

बता दें कि छत्तीसगढ़ की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए हाल में संपन्न चुनाव में भाजपा ने 54 सीट पर जीत दर्ज की है है। कांग्रेस ने 35 सीट पर जीत दर्ज की है जबकि 2018 में उसे 68 सीट पर सफलता मिली थी।

Share With