breaking news

राजस्थान: भजनलाल शर्मा के मंत्रिमंडल का हुआ विस्तार, कैबिनेट मंत्री बने ये विधायक





जयपुर। राजस्थान में आज यानी 30 दिसंबर को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है। राज्यपाल कलराज मिश्र ने 22 मंत्रियों को शपथ दिलाई। इनमें से 12 कैबिनेट और 5 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), 5 राज्य मंत्री हैं।

जिन विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई है, उसमें किरोड़ी लाल मीणा, राज्यवर्धन सिंह राठौड़, गजेंद्र सिंह खींवसर, बाबूलाल खराड़ी और मदन दिलावर का नाम शामिल है। इनके अलावा जोगाराम पटेल, सुरेश सिंह रावत, अविनाश गहलोत, जोराराम कुमावत, हेमंत मीणा, कन्हैयालाल चौधरी और सुमित गोदारा को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई गई है।

भाजपा ने श्रीकरणपुर सीट से प्रत्याशी सुरेंद्र पाल सिंह टीटी को मंत्री बनाया है। राजस्थान में यह पहला मामला है, जब चलते चुनाव के बीच प्रत्याशी को मंत्री बनाया गया होगा। बता दें कि श्रीकरणपुर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत सिंह कुन्नर का निधन हो गया था. इस कारण यहां चुनाव रद्द हो गए थे। इस सीट पर 5 जनवरी को वोटिंग होने वाली है।

बता दें कि राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी ने 115 सीटें हासिल की हैं। जबकि प्रतिद्वंदी पार्टी कांग्रेस को केवल 69 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा है। राजस्थान में हाल ही में हुई विधानसभा चुनाव में 200 सीटों में से 199 सीटों पर वोटिंग हुई थी।

ये बने कैबिनेट मंत्री-
किरोड़ीलाल मीणा
गजेंद्र सिंह खींवसर
राज्यवर्धन सिंह राठौड़
बाबूलाल खराड़ी
मदन दिलावर
जोगाराम पटेल
सुरेश सिंह रावत
अविनाश गहलोत
जोराराम कुमावत
हेमंत मीणा
कन्हैयालाल चौधरी
सुमित गोदारा

ये बने स्वतंत्र प्रभार वाले राज्यमंत्री-
संजय शर्मा
गौतम कुमार दक
झाबर सिंह खर्रा
सुरेंद्र पाल टीटी
हीरालाल नागर

ये बने राज्य मंत्री-
ओटाराम देवासी
विजय सिंह चौधरी
मंजू बाघमार
केके विश्नोई
जवाहर सिंह बेढम

Share With