breaking news

राज्यसभा में पीएम मोदी ने की मनमोहन सिंह की तारीफ, कहा- सबको बहुत याद आएंगे…





नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर संसद के उच्च सदन को संबोधित किया। मौका था 56 सांसदों की विदाई का। जी हां राज्यसभा से 56 सांसदों के कार्यकाल पूर्ण होने पर पीएम मोदी ने सदस्यों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने खास तौर पर पूर्व प्रधानमंत्री मन मोहन सिंह को याद किया और उनकी जमकर तारीफ भी की। हालांकि इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा कांग्रेस के अभियान पर तंज भी कसा।

पीएम मोदी ने मनमोहन सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि जब भी लोकतंत्र की चर्चा होगी, वो हम सबको बहुत याद आएंगे। उन्होंने कहा कि मुझे याद है जब वोटिंग के दौरान, ये तय था कि सत्ता पक्ष जीतेगा फिर भी डॉ. मनमोहन सिंह व्हीलचेयर पर सदन में आए और अपना वोट दिया। ये अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सतर्कता का उदाहरण है। सवाल ये नहीं है कि वो किस को ताकत देने आए थे। मैं मानता हूं कि वो लोकतंत्र को ताकत देने आए थे।

पीएम मोदी ने सांसदों की विदाई पर कहा कि हमें हमेशा मनमोहन सिंह जी का मार्गदर्शन मिला है। मनमोहन सिंह एक सजग सांसद का उदाहरण हैं। पीएम ने कहा कि सभी सांसद अनमोल विरासत छोड़कर जाते हैं। इस सदन में मनमोहन सिंह का विशेष योगदान है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सांसदों की कभी विदाई नहीं होती है, छाप हमेशा सदन में मौजूद रहती है।

मनमोहन सिंह छह बार के सांसद हैं और वे साल 2004-2014 तक देश के 13वें प्रधानमंत्री रहे। पीवी नरसिम्हा की सरकार में मनमोहन सिंह वित्त मंत्री रहे थे और उन्हीं के कार्यकाल के दौरान देश की अर्थव्यवस्था में उदारीकरण का दौर शुरू हुआ।

कांग्रेस ने सरकार के श्वेत पत्र के जवाब में ब्लैक पेपर लाने का एलान किया है। इस पर चुटकी लेते हुए पीएम मोदी ने कहा कांग्रेस का ब्लैक पेपर उनकी सरकार द्वारा किए गए अच्छे कामों के लिए काला टीका है। कुछ विपक्षी सदस्यों के बांह पर काली पट्टी बांधकर आने पर प्रधानमंत्री ने कहा हमने देखा कि राज्यसभा में कुछ सदस्य काले कपड़े पहनकर आए हैं और फैशन परेड चल रही है।

पीएम मोदी ने राज्यसभा से रिटायर हो रहे सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दी और कहा कि उन्हें उम्मीद है कि नई पीढ़ी इनके अनुभव से कुछ सीख लेगी। राज्यसभा से फरवरी से मई के बीच में 68 सदस्य अपना कार्यकाल पूरा कर रिटायर हो जाएंगे।

Share With