breaking news

पीएम मोदी ने ओडिशा को दी 68,000 करोड़ की सौगात, 18 परियोजना का किया शिलान्यास





नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से दो दिन के लिए ओडिशा व असम के दौरे पर हैं। पीएम मोदी ने आज दोपहर ओडिशा के संबलपुर में भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) के स्थायी परिसर का उद्घाटन किया। इसे 400 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। वहीं, पीएम मोदी ने संबलपुर में 68 हजार करोड़ रुपये की 18 परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास किया। समारोह में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, राज्यपाल रघुवर दास और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी मौजूद थे।

इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि हम ओडिशा को शिक्षा और कौशल विकास का हब बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। बीते दस वर्षों में राज्य को समर्पित शैक्षणिक संस्थान ओडिशा के युवाओं के जीवन को बदल रहे हैं। चाहे आईआईएसईआर बेरहामपुर हो या रासायनिक प्रौद्योगिकी संस्थान, ओडिशा के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए कई शीर्ष श्रेणी के संस्थान प्रदान किए गए हैं।

पीएम मोदी ने कहा, बीते दस वर्षों में केंद्र सरकार ने जो नीतियां बनाई हैं, उनका ओडिशा को बहुत ज्यादा फायदा हुआ। हमने खनन के क्षेत्र में जो नए सुधार किए हैं, ओडिशा उसका बहुत बड़ा लाभार्थी है। खनन नीति में बदलाव के बाद ओडिशा की आय में दस गुना की बढ़ोतरी हुई है।

पीएम मोदी ने कहा, आज देश ने अपने एक महान सपूत, पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न देने का निर्णय लिया है। भारत के उप प्रधानमंत्री, गृहमंत्री एवं सूचना प्रसारण मंत्री के रूप में और दशकों तक एक निष्ठावान, जागरूक सांसद के रूप में लालकृष्ण आडवाणी ने देश की जो सेवा की हो वो अप्रतीम है। आडवाणी का ये सम्मान इस बात का प्रतीक है कि राष्ट्र की सेवा में अपना जीवन खपाने वालों को राष्ट्र कभी भूलता नहीं है। मेरा सौभाग्य रहा कि लालकृष्ण आडवाणी जी का स्नेह और उनका मार्गदर्शन मुझे निरंतर मिलता रहा है। मैं लालकृष्ण आडवाणी की दीर्घायु होने की कामना करता हूं।

Share With