breaking news

कोरोना की वापसी, देशभर में 24 घंटे में 752 नए केस, 4 की मौत





नई दिल्ली। कोरोना महामारी एक बा​र फिर तेजी से पांव पसार रही है। नए वेरिएंट जेएन.1 ने लोगों के बीच दहशत फैला दी है। इसके बढ़ते मामलों ने दो साल पहले कोरोना के खौफनाक मंजर की यादें हरी कर दी हैं। देश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 752 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान कोरोना वायरस से 4 लोगों की मौत हुई है।

देश में बीते 24 घंटे के अंदर कोरोना के 752 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद से सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 3420 तक पहुंच चुकी है। बीते 24 घंटों में केरल में दो, राजस्थान और कर्नाटक में एक-एक मरीज की मौत हो चुकी है।

देश में सबसे बुरा हाल केरल का बताया जा रहा है। यहां पर लगातार कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से शनिवार को अपडेट आंकड़ों के अनुसार, देश में अब तक सामने आए कोविड-19 के केस में कुल संख्या 4.50 करोड़ (4,50,07,964) है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर चिंता व्यक्त की है। डब्लूएचओ के अनुसार, बीते चार सप्ताह के अंदर विश्वभर में कोरोना के मामलों की संख्या में 52 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई है। इस दौरान 8 लाख 50 हजार नए केस सामने आए हैं। वहीं बीते 28 दिनों की तुलना में नई मौतों की संख्या में आठ प्रतिशत की कमी भी आई है। इस दौरान 3 हजार से ज्यादा नई मौतें भी सामने आई हैं। विश्व स्तर पर 1600 से अधिक मरीज आईसीयू में भर्ती हैं।

गौरतलब है कि विश्वभर में कोरोना के केस में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सबसे बुरा हाल सिंगापुर में देखा जा रहा है। यहां पर लगातार कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। यहां पर मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। लोगों को भीड़ वाली जगहों पर न जाने की सलाह दी गई है। सिंगापुर के साथ इंडोनेशिया और मलेशिया में भी कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।

Share With