breaking news

छत्तीसगढ़ चुनाव: भाजपा ने 50 सीटों पर बनाई बढ़त, रमन सिंह आगे, बघेल और सिंहदेव पीछे





रायपुर। छत्तीसगढ़ की सभी 90 विधानसभा सीटों की काउंटिंग के शुरुआती रुझानों में बीजेपी ने बड़ी बढ़त बनाई है। शुरुआती रुझान में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस 38 सीट पर आगे चल रही है। वहीं, बीजेपी ने 50 सीटों पर बढ़त बनाई है। अंबिकापुर विधानसभा से डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव पीछे चल रहे हैं। डिप्टी सीएम के सामने भाजपा के राजेश अग्रवाल चुनावी मैदान में हैं।

वहीं, पाटन विधानसभा सीट से सीएम भूपेश बघेल पीछे हो गए हैं। पाटन सीट पर भाजपा ने बघेल के भतीजे विजय बघेल पर भरोसा जताया है। राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र से पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह आगे चल रहे हैं। राजनांदगांव सीट से कांग्रेस ने पार्टी के वरिष्ठ नेता गिरीश देवांगन को टिकट दिया है।

छत्तीसगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष दीपक बैज चित्रकोट विधानसभा सीट से पीछे चल रहे हैं। दीपक बैज के सामने भाजपा के विनायक गोयल हैं। सक्ती विधानसभा सीट से छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष और कांग्रेस प्रत्याशी चरणदास महंत पीछे चल रहे हैं। भाजपा ने यहां खिलावन साहू को टिकट दिया है।

ऐसे में पूर्व सीएम और बीजेपी नेता रमन सिंह का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि इतनी बड़ी जीत का अंदाजा नहीं था। इतना बड़ा अंडरकरंट है, ये पता नहीं था। रमन सिंह ने कहा कि तीनों राज्यों में बीजेपी की सरकार बनेगी। भूपेश बघेल पीछे चल रहे हैं। जनता ने उनके सारे मंसूबों को नकारा है। उनकी पूरी सरकार को रिजेक्ट किया है।

रमन सिंह ने कहा कि बीजेपी को जनता ने पूरा आशीर्वाद और समर्थन दिया है। जनता ने पीएम मोदी के नेतृत्व और गारंटी पर भरोसा जताया। पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जो समय दिया और बीजेपी सरकार की जो साढ़े 9 साल की उपलब्धियां हैं, जनता ने उस पर भरोसा जताया है।

Share With