breaking news

महाराष्ट्र में कांग्रेस को बड़ा झटका, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण का इस्तीफा





नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से पहले महाराष्ट्र में कांग्रेस को बहुत बड़ा झटका लगा है। महाराष्ट्र में दिग्गज कांग्रेस नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने पार्टी से अपना इस्तीफा दे दिया है। अपने पत्र में उन्होंने कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और विधान सभा सदस्य के पद से भी इस्तीफा देने की घोषणा की है।

उन्होंने महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर राहुल नार्वेकर को अपना इस्तीफा सौंपा है, जिसे अध्यक्ष कार्यालय ने स्वीकार कर लिया है। बताया जा रहा है कि वे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो सकते हैं। यह भी कहा जा रहा है कि लगभग 10 से 12 विधायक संभावित रूप से पाला बदल सकते हैं।

अशोक चव्हाण के इस्तीफे से कांग्रेस पार्टी में खलबली मच गई है। दिल्ली स्थित पार्टी आलाकमान भी हरकत में आ गया है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस के शीर्ष नेता अशोक चव्हाण से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि उनका फोन नॉट रीचबेल जा रहा है।

बता दें कि अशोक चव्हाण साल 2008 से लेकर 2010 तक महाराष्ट्र के सीएम रह चुके हैं। उनके पिता शंकर राव चव्हाण भी महाराष्ट्र के सीएम थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अशोक चव्हाण भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम सकते हैं। चह्वाण थोड़ी देर में मुंबई स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पहुंच सकते हैं।

बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, भाजपा नेता मंगल प्रभात लोढ़ा और आशीष शेलार पार्टी दफ्तर में पहले से मौजूद हैं। मुंबई के सियासी गलियारों में तो यहां तक दावा किया जा रहा है कि अशोक चह्वाण 10 से 12 कांग्रेस विधायकों के साथ भाजपा जॉइन कर सकते हैं।

Share With