breaking news

पीवी नरसिम्हा राव, चौधरी चरण सिंह और एमएस स्वामीनाथन को मिलेगा भारत रत्न





नई दिल्ली। पीएम मोदी ने शुक्रवार को ट्वीट करके तीन हस्तियों को भारत रत्न दिए जाने का ऐलान किया। इनमें किसान नेता तथा पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, कांग्रेस नेता और पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव और हरित क्रांति के जनक एमएस स्वामीनाथन शामिल हैं।

इससे पहले 23 जनवरी को बिहार के पूर्व सीएम कर्पूरी ठाकुर और 3 फरवरी को देश के पूर्व-उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न दिए जाने की घोषणा हुई थी। पूर्व पीएम चौधरी चरण सिंह, पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव और वैज्ञानिक स्वामीनाथ को भारत रत्न देने का ऐलान पीएम मोदी ने किया। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से इस बारे में जानकारी दी।

पीएम मोदी ने लिखा, हमारी सरकार का यह सौभाग्य है कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी को भारत रत्न से सम्मानित किया जा रहा है। यह सम्मान देश के लिए उनके अतुलनीय योगदान को समर्पित है। उन्होंने किसानों के अधिकार और उनके कल्याण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया था। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हों या देश के गृहमंत्री और यहां तक कि एक विधायक के रूप में भी, उन्होंने हमेशा राष्ट्र निर्माण को गति प्रदान की। वे आपातकाल के विरोध में भी डटकर खड़े रहे। हमारे किसान भाई-बहनों के लिए उनका समर्पण भाव और इमरजेंसी के दौरान लोकतंत्र के लिए उनकी प्रतिबद्धता पूरे देश को प्रेरित करने वाली है।

वहीं, नरसिम्हा राव को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने विभिन्न क्षमताओं में देश की सेवा की। उनकी विजनरी लीडरशिप भारत की अर्थव्यवस्था को बेहतर करने में काफी अहम रही थी। उन्होंने देश की समृद्धता और विकास के लिए एक मजबूत नींव रखी थी। उन्होंने आर्थिक विकास के एक नए दौर की शुरुआत की थी।

इसके साथ ही डॉ. एमएस स्वामीनाथन को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारे देश में कृषि और किसानों के हित के लिए उनके योगदानों को देखते हुए उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। एमएस स्वामीनाथन ने खेती के क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने में बेहद अहम भूमिका निभाई थी। बता दें कि एमएस स्वामीनाथन को भारत में हरित क्रांति यानी ग्रीन रिवॉल्यूशन शुरू करने का श्रेय जाता है।

Share With