महिला एशिया कप: भारत ने थाईलैंड को 9 विकेट से हराया

नई दिल्ली। महिला एशिया कप 2022 में भारतीय महिला टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए थाईलैंड महिला टीम पर जीत दर्ज की। ये भारतीय महिला टीम की एशिया कप 2022 की पांचवी जीत है। अपने आखिरी लीग मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने थाईलैंड महिला टीम के खिलाफ 14 ओवर शेष रहते 9 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की। थाईलैंड को 37 के स्कोर पर ऑल आउट कर टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन किया। अब भारत को सीधे सेमीफाइनल मैच खेलना है।
टॉस जीतकर पहले गेंजबाजी करने आई इंडिया वीमेंस की टीम ने थाईलैंड को मात्र 37 रन पर ऑल आउट कर दिया। भारत के लिए स्नेह राणा ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। राणा ने अपने 4 ओवर में 9 रन खर्च कर ये 3 विकेट हासिल किए। दीप्ति शर्मा और गायकवाड़ के खाते में 2-2 विकेट आए, तो वहीं मेघना सिंह ने 2.1 ओवर में 6 रन देकर एक विकेट चटकाई। थाईलैंड महिला टीम के लिए सलामी बल्लेबाजी करने आई नन्नापत कोंचरोएनकाई ने सबसे ज्यादा 12 रनों की पारी खेली। थाईलैंड की टीम ने अपनी पूरी पारी में केवल 3 चौके लगाए।
38 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय महिला टीम ने 9 विकेट से मैच अपने नाम किया। भारत का एक मात्र विकेट शेफाली वर्मा का गिरा। शेफाली 6 गेंद में 8 रन बनाकर पवेलियन लौटी। इसके अलावा सब्भिनेनी मेघना ने 20 तो वहीं पूजा वस्त्रकार ने नाबाद 12 रनों की पारी खेली। 14 ओवर शेष रहते भारतीय महिला टीम ने इस मुकाबले को 9 विकेट से जीत लिया।