मां बनने वाली है आलिया भट्ट, फोटो शेयर करते हुए दी गुडन्यूज

नई दिल्ली। बॉलीवुड इंडस्ट्री के क्यूट कपल्स में से एक रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के घर ही किलकारियां गूंजने वाली हैं। आलिया ने इंस्टा पर ये गुडन्यूज शेयर की है। आलिया भट्ट ने अपनी इन्स्टाग्राम पोस्ट में बताया कि बहुत जल्द उनका बेबी आने वाला है। वे और रणबीर कपूर दो से तीन होने वाले हैं। आलिया की ये गुडन्यूज पोस्ट वायरल हो रही है। फैंस और सेलेब्स आलिया को ढेरों बधाई दे रहे हैं।
जैसा की हम सभी जानते हैं इसी साल 14 अप्रैल को रणबीर कपूर और आलिया भट्ट ने शादी की थी। उनकी प्राइवेट वेडिंग मुंबई में ही हुई थी। आलिया भट्ट और रणबीर की शादी की जबरदस्त चर्चा रही थी। शादी के तुरंत बाद ही कपल ने गुडन्यूज शेयर कर दी है। इस गुडन्यूज के सामने आने के बाद कपूर और भट्ट परिवार में खुशी की लहर दौड़ रही है।
आलिया के प्रेग्नेंसी पोस्ट पर उनकी मां सोनी राजदान और ननद रिद्धिमा कपूर साहनी का भी रिएक्शन आया है। रिद्धिमा ने हार्ट इमोजी बनाए हैं, वहीं उनकी मां सोनी राजदान ने लिखा- बधाई मामा एंड पापा लॉयन। आलिया को अपनी बेटी मानने वाले करण जौहर की भी खुशी का ठिकाना नहीं है।
आलिया ने इंस्टा पर दो तस्वीरें शेयर की हैं। पहली फोटो में वे अस्पताल के बेड पर लेटी हुई हैं। उनकी सोनोग्राफी हो रही है। कंप्यूटर स्क्रीन को ब्लर कर उसपर हार्ट इमोजी बनाया है। कंप्यूटर स्क्रीन पर बेबी को देखने के बाद आलिया की खुशी का ठिकाना नहीं है।
आलिया की बगल में कोई शख्स भी बैठा है। उसका बैक नजर आता है। तस्वीर से मालूम पड़ता है कि वे रणबीर कपूर हो सकते हैं। दूसरी फोटो में आलिया ने शेर शेरनी और उनके एक बच्चे की फोटो शेयर की है। मतलब ये कि आलिया की फैमिली पूरी होने वाली है।
आलिया ने जिस तरह शादी के 3 महीने बाद ही फैंस को गुडन्यूज दी है, इससे हर कोई सरप्राइज हो गया है। आलिया और रणबीर ने साल 2018 में डेट करना शुरू किया था। फिल्म ब्रह्मास्त्र के सेट पर उनका प्यार परवान चढ़ा था। आलिया और रणबीर इस फिल्म में पहली बार स्क्रीन शेयर करेंगे। कपल की फिल्म ब्रह्मास्त्र 9 सितंबर 2022 को रिलीज होगी।