राष्ट्रपति चुनाव के लिए यशवंत सिन्हा ने दाखिल किया नामांकन, राहुल गांधी भी रहे मौजूद

नई दिल्ली। राष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने नामांकन दाखिल कर दिया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख शरद पवार, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव इस मौके पर मौजूद थे। सीपीएम के महासचिव सीताराम येचुरी और टीएमसी के सुधींद्र कुलकर्णी समेत कई अन्य विपक्षी नेता मौजूद थे।
यशंवत सिन्हा के नामांकन के बाद राहुल गांधी ने कहा कि ये विचारधारा की लड़ाई है। एक तरफ भाईचारा है तो दूसरी तरफ विचारधारा है। इसके अलावा आज सुबह ही यशवंत सिन्हा की उम्मीदवारी को समर्थन करने वाली तेलंगाना की सत्ताधारी पार्टी टीआरएस के नेता भी पहुंचे थे। जम्मू कश्मीर से फारूक अब्दुल्ला भी इस मौके पर समर्थन जाहिर करने पहुंचे थे।
यशवंत सिन्हा एनडीए गठबंधन की ओर से उतारी गईं राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को चुनौती देंगे। एनडीए ने 21 जून को विपक्षी दलों ने यशवंत सिन्हा के नाम की घोषणा की थी। हालांकि द्रौपदी मुर्मू की जीत काफी हद तक तय मानी जा रही है। इसकी वजह यह है कि एनडीए बहुमत के आंकड़े से थोड़ी ही दूर है, जबकि वाईएसआर कांग्रेस, बीजू जनता दल जैसी पार्टियों ने उनके समर्थन का ऐलान किया है। ऐसे में मुर्मू की जीत तय मानी जा रही है।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने 24 जून को चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया था। राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव 18 जुलाई को होना है। मतगणना 21 जुलाई को होगी। वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है।