कर्नाटक चुनाव को लेकर बोले संजय राउत- मोदी लहर खत्म, अब ऐसी ही हार झेलनी पड़ेगी

नई दिल्ली। कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस की शानदार जीत पर शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत का बयान आया है। संजय राउत ने कहा कि देश में मोदी लहर खत्म हो गई है और अब उनकी लहर आने वाली है। कर्नाटक चुनाव के नतीजों ने तानाशाही को हरा दिया है। कर्नाटक में कांग्रेस की जीत ने देश के बाकी हिस्सों में पार्टी के लिए दरवाजा खोल दिया है। कर्नाटक झांकी, अभी बाकी हिंदुस्तान बाकी है। बीजेपी को देश में अब ऐसी ही हार झेलनी पड़ेगी।
संजय राउत ने कहा, बजरंग बली की गदा भाजपा पर पड़ी है। हमारे गृहमंत्री कह रहे थे कि अगर भाजपा हारती है तो दंगे होंगे। कर्नाटक में सब शांति और खुश हैं। दंगे कहां हो रहे हैं? राउत ने कहा, यह मोदी और शाह की हार है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में जो कुछ हुआ है, ठीक वैसा ही 2024 के लोकसभा चुनाव में भी होगा। उन्होंने कहा कि कर्नाटक चुनाव के नतीजे अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव के नतीजों की ओर संकेत कर रहे हैं।
बता दें कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 135 सीटें जीती हैं। वहीं बीजेपी को 65 सीटें मिलीं। कर्नाटक में बीजेपी को बुरी हार झेलनी पड़ी। यहां नरेंद्र मोदी ने जमकर प्रचार किया था, लेकिन कर्नाटक की जनता ने पीएम की हर अपील को खारिज कर दिया। इन नतीजों ने बीजेपी को बहुत झटका दिया है।