कर्नाटक विधानसभा में वीर सावरकर की फोटो को लेकर बवाल, कांग्रेस ने सदन से वॉकआउट किया

नई दिल्ली। शीतकालीन सत्र के दौरान सोमवार को कर्नाटक विधानसभा में वीडी सावरकर के चित्र का अनावरण किया गया। इसकी जानकारी के बाद विपक्ष के नेता सिद्धारमैया और अन्य कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
असेंबली हॉल में विनायक दामोदर सावरकर की तस्वीर लगाने पर कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने भी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि सावरकर विवादास्पद आदमी थे। सावरकर की तस्वीर लगाने की कोई जरूरत नहीं है।
इस मामले पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी का बयान भी सामने आया। उन्होंने कहा कि सिद्धारमैया को पूछिए दाऊद इब्राहिम का लगाना है क्या? सावरकर देशभक्त थे। वह अंडमान निकोबार की जेल में कई सालों तक रहे। कांग्रेसी तो एक दिन भी नहीं रह सकते। जिन कांग्रेस ने बलिदान दिया, वह आपका कांग्रेस नहीं है। ये तो नकली कांग्रेस है।
कर्नाटक विधानसभा के असेंबली हॉल में आज सुबह सावरकर की तस्वीर का अनावरण किया गया था। जिसके बाद कांग्रेस के खेमे में हलचल मच गई और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। कांग्रेस ने इस बारे में कर्नाटक विधानसभा के स्पीकर को भी पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया है कि महर्षि वाल्मीकि, बसवन्ना, कनक दास, बीआर अंबेडकर, सरदार वल्लभभाई पटेल और अन्य महापुरुषों की तस्वीरें लगाई जानी चाहिए।