Jun 02 2023 / 2:22 PM

स्वास्थ्य मंत्री की चिट्ठी पर बोले राहुल गांधी- केंद्र सरकार यात्रा को रोकने के लिए बहाने ढूंढ रही है

Spread the love

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने आज केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। हरियाणा के नूंह में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल ने केंद्रीय स्वास्थय मंत्री मनसुख मांडविया की चिट्ठी पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि केंद्र सरकार भारत जोड़ो यात्रा को रोकने के लिए तरह-तरह के बहाने बना रही है। राहुल ने कहा कि आप चाहे जितनी भी कोशिश कर लें, हम टूटने वाले नहीं हैं।

उन्होंने कहा, अब वे यात्रा रोकने का बहाना बना रहे हैं। मास्क लगाओ, यात्रा रोको, कोविड फैल रहा है, ये सब बहाने हैं। केंद्र और हरियाणा में सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर निशाना साधते हुए गांधी ने कहा कि वह सच्चाई से डरती है। उन्होंने कहा, हिंदुस्तान की शक्ति से, हिंदुस्तान की सच्चाई से, ये लोग डर गए हैं, ये सच्चाई है।

राहुल गांधी ने कहा, हम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और नरेंद्र मोदी के नफरत भरे भारत को नहीं चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 100 से अधिक दिनों से जारी है और इसमें हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सहित सभी धर्मों के पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने हिस्सा लिया है।

उन्होंने कहा कि इसमें लाखों लोगों ने हिस्सा लिया, लेकिन किसी ने किसी से यह तक नहीं पूछा कि उनका धर्म क्या है, वे कौन सी भाषा बोलते हैं या कौन सी जगह से आए हैं। राहुल ने कहा कि इस यात्रा में 24 घंटे लोगों ने एक दूसरे का सम्मान किया और एक दूसरे को गले लगाया और प्यार फैलाया।

गौरतलब है कि केंद्रीय स्वास्थ मंत्री मनसुख मांडविया ने 20 दिसंबर को राहुल गांधी को पत्र लिखा था। राहुल से यात्रा को रोकने की अपील की थीं। मांडविया ने कहा था, देश में एक दोबारा से कोरोना का खतरा बढ़ रहा है। हेल्थ इमरजेंसी के हालात बनते नजर आ रहे हैं। ऐसे में देश को बचाने के लिए भारत जोड़ो यात्रा को रोका जाए।

Chhattisgarh