इंदौर पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रवासी भारतीय सम्मेलन को करेंगी संबोधित

इंदौर। प्रवासी भारतीय सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इंदौर पहुंच गई हैं। राज्य के राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर पहुंचने पर उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति मुर्मू आज 17वें प्रवासी भारतीय सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करेंगी।
बता दें कि इससे पहले कल प्रधानमंत्री मोदी ने इस सम्मेलन में हिस्सा लिया था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि हम भारतीयों के लिए पूरा संसार ही स्वदेश है। पीएम मोदी ने कहा कि ये प्रवासी भारतीय सम्मेलन कई मायनों में खास है। अभी कुछ महीने पहले ही हमने देश की आजादी के 75 साल मनाए हैं। यहां पर हमारे स्वतंत्रता संग्राम की प्रदर्शनी लगाई गई है। भारत अमृत काल में प्रवेश कर चुका है।
पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया के अलग-अलग देशों में जब हिंदुस्तान के लोग एक कॉमन फैक्टर की तरह दिखते हैं तो वसुधैव कुटुंबकम् की भावना के साक्षात दर्शन होते हैं। विश्व के किसी एक देश में जब भारत के अलग-अलग प्रान्तों और क्षेत्रों के लोग मिलते हैं तो एक भारत, श्रेष्ठ भारत का सुखद अनुभव होता है।
पीएम मोदी ने कहा कि इस साल भारत दुनिया के G20 समूह की अध्यक्षता भी कर रहा है। देश इस जिम्मेदारी को एक बड़े अवसर के रूप में देख रहा है। ये हमारे लिए दुनिया को भारत के बारे में बताने का अवसर है, हमारे इन प्रवासी भारतीयों के योगदान का जब विश्व आकलन करता है, तो उसे ‘सशक्त और समर्थ भारत’ की आवाज़ भी सुनाई देती है। हमारे लिए पूरा संसार ही स्वेदश है।