Oct 04 2023 / 5:19 AM

अयोध्या दीपोत्सव: पीएम मोदी ने किए रामलला के दर्शन, कुछ ही देर में दीपोत्सव में होंगे शामिल

Spread the love

नई दिल्ली। दीपोत्सव के रूप में रविवार को अयोध्या में लगभग 18 लाख मिट्टी के दीपक जलाए जाएंगे। दीपोत्सव समारोह में आतिशबाजी, लेजर शो और रामलीला का मंचन शामिल होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दीपोत्सव के छठे संस्करण में शामिल होने के लिए अयोध्या पहुंचे हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र स्थल का निरीक्षण भी किया हैं। उन्होंने भगवान श्री रामलला विराजमान के दर्शन किए और उनकी पूजा-अर्चना की हैं। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।

अयोध्या के सरयू घाट राम की पैड़ी पर दीप जलाए जाने शुरू हो गए हैं। पीएम मोदी इस दीपोत्सव कार्यक्रम में कुछ ही देर में शामिल होने वाले हैं। राम की पैड़ी दीपों से जगमागाने लगी है। पीएम मोदी आज अयोध्या में होने वाले दीपोत्सव के मेगा इवेंट में शामिल होकर एक नए वर्ल्ड रिकॉर्ड के भी गवाह बनेंगे। इस बार अयोध्या में 18 लाख दीपक जलाकर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है।

बता दें कि साल 2021 में अयोध्या में 12 लाख दीये जलाए गए थे। उस समय राम की पैड़ी पर 9 लाख और अयोध्या के बाकी हिस्सों में 3 लाख दीपक जलाए गए थे। वहीं, इस बार दीपोत्सव पर पिछली बार से 5 लाख से अधिक दीप जलाए जाएंगे।

अयोध्या में इस बार होने वाले दीपोत्सव में लेजर शो के प्रोजेक्शन मैपिंग की ऊंचाई 30 फीट से बढ़ाकर 40 फीट की कर दी गई है। ये लेजर शो 26 मिनट का रामायण के 11 प्रसंगों पर आधारित है। इसके साथ ही आतिशबाजी 12 मिनट से बढ़ाकर 15 मिनट का किया गया है। लेजर शो की स्क्रीन को भी बढ़ाकर 337 फीट कर दिया गया है। साथ में 2 स्क्रीन अतिरिक्त लगाए गए हैं।

गौरतलब है कि पिछले साल 32 घाटों पर लेजर शो हुआ था। वहीं इस बार 37 घाटों पर ये शो दिखाया जाएगा। इन सभी झांकियों को लखनऊ और दिल्ली के 46 कारीगर ने मिलकर तैयार किया है। साल 2021 में दीपोत्सव के दौरान घाटों पर रात में 11 बजे तक ही शो दिखाया गया था। लेकिन इस बार रात में एक बजे तक दर्शक शो देख सकेंगे।

Chhattisgarh