Dec 12 2023 / 12:34 AM

भोपाल में बोले पीएम मोदी- कांग्रेस ने मध्य प्रदेश को बीमारू प्रदेश बना दिया था

Spread the love

भोपाल। मध्य प्रदेश में भाजपा इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंचे। पीएम मोदी ने यहां पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंति पर श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं की एक विशाल सभा ‘कार्यकर्ता महाकुंभ’ को संबोधित किया।

पीएम मोदी ने कहा कि ये उमंग, ये उत्साह दिखाता है कि मध्य प्रदेश के मन में क्या है। मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार के लगभग 20 साल पूरे हो चुके हैं। यानीकि जो युवा पहली बार वोट डालेंगे, उन्होंने भाजपा की सरकार को ही देखा है। ये युवा सौभाग्यशाली हैं कि उन्होंने एमपी कांग्रेस का बुरा शासन और बुराइयां देखी नहीं हैं। पीएम ने कहा कि यहां के युवाओं ने कांग्रेस के जमाने की खराब कानून व्यवस्था नहीं देखी। यहां के युवाओं ने इस दौर की खस्ताहाल सड़कें नहीं देखीं। यहां के युवाओं ने अंधेरे मे जीने को मजबूर गांव और शहर नहीं देखे।

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर जोरदार प्रहार करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस के शासन की पहचान थी कुनीति, कुशासन और करोड़ों का करप्शन। आजादी के बाद मध्य प्रदेश में लंबे समय तक कांग्रेस का ही शासन रहा, लेकिन कांग्रेस ने साधन-संपन्न मध्य प्रदेश को समर्थ युवाओं वाले मध्य प्रदेश को बिमारू बना दिया।

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस आज भी उसी पुराने ढर्रे और पुरानी मानसिकता पर चल रही है। चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए इनके नेताओं के लिए गरीब का जीवन माएने नहीं रखता है, कांग्रेस के लिए गरीब किसान का खेत फोटो सेशन का मैदान है। इन्होंने अतीत में भी यही काम किया और आज भी यह कर रहे हैं।

पीएम ने कहा कि कांग्रेस एक बार फिर एमपी को बीमारू बना देगी। मैं पूछना चाहता हूं कि क्या फिर से बीमारू बनाना चाहते हो। क्या एमपी के युवाओं के भविष्य को तबाह करना चाहते हो। क्या आप चाहते हो कि एमपी का पैसा कांग्रेस लूट ले। कांग्रेस जंग लगा हुआ वो लोहा है जो बारिश में रखे-रखे खत्म हो जाता है। अब कांग्रेस में ना देखने का सामर्थ्य बचा है, ना देशहित को समझने का। इसलिए आप देखेंगे कि कांग्रेस विकसित भारत से जुड़े हर प्रोजेक्ट की आलोचना करती है।

पीएम ने कहा कि आपको याद होगा कांग्रेस ने डिजिटल इंडिया का भी विरोध किया था। आज भारत की यूपीआई से पूरी दुनिया मंत्रमुग्ध है। भारत में रिकॉर्ड लेनदेन हो रहे हैं लेकिन कांग्रेस को ये भी पसंद नहीं है। भाजपा आज आधुनिकतम सड़कें, चौड़ी हाईवे, एक्सप्रेसवे बना रहा है लेकिन कांग्रेस इसकी आलोचना करती है। पीएम ने कहा कि भाजपा आज वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें ला रही हैं, स्टेशनों का कायाकल्प कर रही है। ये भी कांग्रेस को नहीं पच रहा है। भाजपा बुलेट ट्रेन पर काम कर रही है, इसकी भी कांग्रेस आलोचना करती है।

भाजपा ने नया भव्य संसद भवन बनाया, पूरा देश इसकी प्रशंसा कर रहा है लेकिन कांग्रेस ने पहले दिन से ही इसका विरोध करना शुरू कर दिया है। कांग्रेस के लोग अब भी नकारात्मकता फैला रहे हैं। भारत कुछ भी नया करे, भारत कोई भी उपलब्धि हासिल करे, कांग्रेस को कुछ भी पसंद नहीं आता है।

पीएम ने कहा कि कांग्रेस ने 50 साल पहले गरीबी हटाओ का नारा दिया था। क्या कांग्रेस ने अपना वादा पूरा किया। अब मैं आपको एक और आंकड़ा बताता हूं, ये याद रखिएगा। ये आंकड़ा है साढ़े 13 करोड़, मतलब एमपी की कुल आबादी से भी ज्यादा। भाजपा सरकार के 5 साल में ही देश के साढ़े 13 करोड़ गरीबी से बाहर निकले हैं। ये मोदी की गारंटी का नतीजा है और जब मोदी गारंटी देता है, जब भाजपा गारंटी देती है तो वो जमीन पर पहुंचती है, हर लाभार्थी तक पहुंचती है।

पीएम ने कहा कि एमपी की बहनों को कहने आया हूं कि मोदी ने जो गारंटी दी थी वो पूरी हो गई है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम ने देश में इतिहास रच दिया है। ये कहा जाने लगा कि शायद ये कभी नहीं हो पाएगा। आखिर मोदी है तो हर गारंटी पूरी होने की गारंटी है।

पीएम ने कहा कि मध्य प्रदेश सहित देश की बहनों को सावधान करना चाहता हूं। कांग्रेस और उसके घमंडिया गठबंधन ने मजबूरी में इस बिल का समर्थन बहुत खट्टे मन से किया है। ये खट्टापन उनके बहानों में दिखाई देता है। इनके गठबंधन में जितने लोग हैं, वही लोग हैं जिन्होंने इस कानून को पारित नहीं होने दिया। पार्लियामेंट में हुड़दंग किया, बिल फाड़ दिया। और अब जब मजबूरी में उंगली उठानी पड़ी है।

पीएम ने कहा कि उनको लगता है कि देश की माताएं बहने उनके चरित्र को जान गई हैं तो ये शुरू किया। कि ये क्यों नहीं है, वो क्यों नहीं है, ऐसा क्यों है, वैसा क्यों नहीं। उनको नारी शक्ति वंदन अधिनियम का मजबूरी में इसलिए समर्थन करना पड़ा है क्योंकि मेरी माताएं बहनें जग गई हैं। मेरी माताएं बहनों ने शक्ति का परिचय करा दिया है। ये डरे हुए हैं इसलिए नीचे मुंडी करके हाउस में उंगली तो दबा दी। पिछले 9 सालों में जो भारत की महिला सशक्त हुई है उसे देखकर इनकी हिम्मत नहीं हुई कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करें।

Chhattisgarh