Mar 27 2023 / 2:37 AM

हिमाचल में बोले पीएम मोदी- कांग्रेस में आज भी परिवारवाद ही है

Spread the love

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी बुधवार को हिमाचल प्रदेश के दौरे पर हैं। मोदी ने कांगड़ा के चंबी मैदान से हिमाचल की जनता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आने वाला समय 5G का है। हिमाचल के नौजवानों का और हिमाचल के जीवन का कायाकल्प 5G से होगा। इससे दूर-दराज के स्कूलों में भी पढ़ाई, शहरों जैसी हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि कई राजनीतिक दल सिर्फ परिवारवाद और वोट बैंक की राजनीति के भरोसे चल रहे हैं। इसलिए भाजपा की सरकारों का जैसे-जैसे लोगों को अनुभव आता है लोगों का विश्वास बढ़ता जाता है और बार-बार आशीर्वाद मिलता रहता है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में ‘डबल इंजन’ वाली स्थिर और मजबूत सरकार की जरूरत है। और वह सिर्फ BJP सरकार ही है जो हिमाचल प्रदेश के लोगों को स्थिरता और सुशासन प्रदान कर सकती है। कांग्रेस कभी भी हिमाचल प्रदेश को स्थिर सरकार नहीं दे सकती, ना ही वह चाहती है। पूरे देश में बस दो तीन जगह ही कांग्रेस की सरकार बच गई है। और उन जगहों से आपने क्या कभी विकास की खबरें आती हुई सुनी है क्या? सिर्प और सिर्फ झगड़े की खबरें आती है। कांग्रेस में आज भी परिवारवाद का शासन चलता है। कांग्रेस यानी भ्रष्टाचार, कांग्रेस यानी विकास में रोड़ा। ऐसे में ये सरकार कैसे किसी राज्य का विकास कर सकती है?

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा और उस पर केंद्र की सत्ता में रहने के दौरान राज्य के साथ ‘विश्वासघात’ करने का आरोप भी लगाया। पीएम ने कहा कि इस बार उत्तराखंड के लोगों ने भी पुरानी परंपरा को बदलते हुए भाजपा को जिताया। उत्तर प्रदेश में भी 40 साल बाद ऐसा हुआ है जब कोई पार्टी फिर से जीतकर पूर्ण बहुमत के साथ लगातार दूसरी बार सरकार में आई है। मणिपुर में भी बीजेपी की सरकार फिर से आई है। और मुझे पूरा विश्वास है कि हिमाचल में भी बीजेपी की सरकार एक बार फिर से आएगी। कांग्रेस यदि राज्य में सरकार बनाती है तो केवल विकास को बाधित ही करेगी।

उन्होंने कहा कि हम ऐसी राजनीतिक परंपरा बनाना चाहते हैं कि हम सरकार में ऐसा काम करें कि मतदाता हमें बार-बार मौका दें। इसलिए हम विकास के लिए और देश के लिए हर जगह, हर स्तर पर काम कर रहे हैं। कांग्रेस यानि, अस्थिरता की गारंटी। कांग्रेस यानि, भ्रष्टाचार, घोटाले की गारंटी। कांग्रेस यानि, विकास कार्यों में रोड़े अटकाने की गारंटी।

पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र की सरकार ने उज्ज्वला योजना चलाई, हिमाचल की भाजपा सरकार ने गृहिणी योजना चलाकर इसमें और लोगों को जोड़ दिया। केंद्र सरकार ने आयुष्मान योजना चलाई, हिमाचल की भाजपा सरकार ने हिमकेयर योजना से और लोगों को इसमें जोड़ दिया। इस तरह से डबल इंजन सरकार काम कर रही है। कांग्रेस की सरकार ने पेंशन की उम्र 80 साल कर दी और साथ में कमाई की शर्त रखी। भाजपा सरकार ने पेंशन की उम्र को घटाकर 60 साल कर दी और कमाई की शर्त को भी हटा दिया। इससे लाखों वरिष्ठ नागरिकों को फायदा हुआ।

Chhattisgarh