हिमाचल में बोले पीएम मोदी- झूठे वादे करना, झूठी गारंटी देना, कांग्रेस की पुरानी तरकीब

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को हिमाचल प्रदेश में चुनाव का शंखनाद करने पहुंचे हैं। पीएम मोदी ने हिमाचल प्रदेश के सुंदर नगर में विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पहाड़ी राज्यों में तो कांग्रेस दशकों तक तरसाओ, लटकाओ-भटकाओ की नीति पर चली है। कांग्रेस के लिए सरकार में आना, सरकार में रहना, राज-पाट चलाने जैसा ही रहा है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल फौजियों की भूमि है। यहां के युवा देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं। कांग्रेस ने इन फौजियों को भी भावनात्मक ब्लैकमेल किया। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस को समझने के लिए वन रेंक वन पेंशन एक बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि 40 साल से कांग्रेस हर चुनाव में वादा करती थी। यहां देवभूमि हिमाचल में कितने नेता और प्रधानमंत्री आए, सबने वादा किया, लेकिन काम बीजेपी की सरकार में हुआ है।उन्होंने लोगों की आंखों में धूल झोंकने की कांग्रेस की पुरानी आदत है। यही उनका चरित्र है।
पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के बाद देश का पहला घोटाला कांग्रेस ने रक्षा क्षेत्र में ही किया था। तब से कांग्रेस की सरकार जब तक रही, तब तक रक्षा सौदों में जमकर दलाली खायी। कांग्रेस कभी नहीं चाहती थी कि देश रक्षा साजो-सामान के मामले में आत्मनिर्भर बने। आज भारत आत्मनिर्भर होने का अभियान चला रहा है। अपने हथियार खुद बनाने पर जोर दे रहा है। कांग्रेस देश की रक्षा की ही नहीं, बल्कि देश के विकास की भी हमेशा विरोधी रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि हिमाचल के लोग भाजपा सरकार की जोरदार वापसी की ठान चुके हैं। फौजियों की ये धरती, वीर माताओं की ये धरती, जब संकल्प ले लेती है तो उसे सिद्ध करके ही दिखाती है। उन्होंने कहा कि अमृतकाल के इन वर्षों में हिमाचल में तेज विकास जरूरी है, स्थिर सरकार जरूरी है। मुझे खशी है कि हिमाचल के लोग, यहां के युवा, यहां की माताएं-बहनें इस बात को अच्छी तरह समझ रही हैं।
आजाद भारत के पहले वोटर श्याम सरन नेगी को श्रद्धांजलि देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज श्याम सरन नेगी जी का दुःखद निधन हो गया। 106 वर्षीय नेगी जी ने 30 से ज्यादा बार मतदान किया था। अभी 2 नवंबर को विधानसभा चुनावों के लिए उन्होंने पोस्टल बैलेट से वोट दिया था। यह बात हर देशवासी को प्रेरित करेगी। मैं बहुत ही भावुक मन से श्याम सरन नेगी जी को श्रद्धांजलि देता हूं।
पीएम मोदी ने कहा कि इस बार का हिमाचल का चुनाव बहुत खास है। इस बार 12 नवंबर को पड़ने वाला एक-एक वोट, हिमाचल के अगले 25 साल की विकास यात्रा तय करेगा। उन्होंने कहा कि सुंदर नगर में मेरा पहले भी बहुत बार आना हुआ है। मैंने निहरी की चढ़ाई भी चढ़ी है और सराज, कुल्लू, किन्नौर, चंबा और कांगड़ा के दुर्गम क्षेत्र पैदल नापे हैं। यहां के रास्ते, सुंदर नगर की इतनी सुंदर BBMB झील, कोई कैसे भूल सकता है।