Dec 09 2023 / 1:58 AM

पीएम मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना लॉन्च की, देश के 508 स्टेशनों की बदलेगी सूरत

Spread the love

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए अमृत भारत योजना के तहत 508 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की आधारशिला रखी। पीएम मोदी के साथ रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद थे। बता दें कि ये 508 रेलवे स्टेशन 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फैले हुए है।

पीएम मोदी ने रेलवे स्टेशनों के विकास कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत, जो विकसित होने के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है, अपने अमृत काल की शुरुआत में है। नई ऊर्जा, नई प्रेरणा और नए संकल्प हैं और इसी भावना के साथ, भारतीय रेलवे के इतिहास में एक नया अध्याय शुरू हो रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया में यूक्रेन, साउथ अफ्रीका, स्वीडन और यूके जैसे देशों में रेल का विस्तार है उतना तो भारत में बीते 9 सालो में हुआ है। उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में स्टेशनों पर बैठने की अच्छी व्यवस्था होगी और इंटरनेट की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

पीएम मोदी ने इस दौरान विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 9 अगस्त वह दिन है जब ऐतिहासिक भारत छोड़ो आंदोलन शुरू हुआ था। महात्मा गांधी ने मंत्र दिया और भारत छोड़ो आंदोलन ने स्वतंत्रता प्राप्त करने की दिशा में भारत के कदमों में नई ऊर्जा भर दी। आज इसी से प्रेरित होकर पूरा देश सभी बुराइयों के लिए भारत छोड़ो कह रहा है। हर जगह एक ही आवाज है, भ्रष्टाचार, भारत छोड़ो। वंशवाद, भारत छोड़ो। तुष्टीकरण, भारत छोड़ो।

पीएम मोदी ने कहा कि दुर्भाग्य से हमारे देश में विपक्ष का एक गुट आज भी पुराने ढर्रे पर चल रहा है। न वो खुद कुछ करेंगे, न किसी को कुछ करने देंगे। देश ने आधुनिक संसद भवन बनाया। संसद देश के लोकतंत्र का प्रतीक है। इसमें सत्ता पक्ष के साथ-साथ विपक्ष का भी प्रतिनिधित्व है। लेकिन विपक्ष के इस गुट ने नए संसद भवन का विरोध किया।

पीएम मोदी ने कहा कि हमने कर्तव्य पथ का पुनर्विकास किया लेकिन उन्होंने उसका भी विरोध किया। 70 वर्षों तक, उन्होंने ऐसा नहीं किया। उन्होंने देश के शूरवीरों के लिए एक युद्ध स्मारक भी नहीं बनाया। जब हमने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक बनाया, तो उन्हें सार्वजनिक रूप से इसकी आलोचना करने में कोई शर्म नहीं आई।

मोदी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की स्टैच्यू ऑफ यूनिटी दुनिया की सबसे ऊंची इमारत है। हर भारतीय को इस पर गर्व है। लेकिन कुछ राजनीतिक दलों के किसी भी बड़े नेता ने कभी प्रतिमा का दौरा नहीं किया। लेकिन हम नकारात्मक राजनीति से ऊपर उठकर एक मिशन के रूप में सकारात्मक राजनीति की राह पर आगे बढ़ रहे हैं।

बता दें कि स्टेशनों का कायाकल्प अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किया जाएगा। इन स्टेशनों का कायाकल्प करने के लिए 24 हजार 700 करोड़ रूपये का बजट तैयार किया गया है। इस योजना के तहत पहले फेज में 508 स्टेशनों का कायाकल्प किया जाएगा। वहीं 1300 स्टेशनों को मल्टी मॉडल हब के रूप में तैयार किया जाएगा।

इन स्टेशनों पर यात्रियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएगी। यात्रियों के सुगम आवागमन के लिए स्टेशनों पर एग्जीक्यूटिव लाउंज, कॉनकोर्स एरिया, फूड कोर्ट, शॉपिंग मॉल, कैफेटेरिया, प्ले एरिया, ग्रीन बिल्डिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। जानकारी के अनुसार इस परियोजना को पूरा करने में दो साल का समय लगेगा।

Chhattisgarh