पीएम मोदी ने एयरो इंडिया शो का किया उद्घाटन, कहा- भारत फाइटर प्लेन की तरह आगे बढ़ रहा है

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एयरो इंडिया शो 2023 का उद्घाटन कर दिया है। इस शो में लड़ाकू विमान समेत कई हेलीकॉप्टर ने करतब दिखाए। इसे भारत का सबसे बड़ा एयर शो माना जा रहा है। पीएम मोदी ने इस मौके पर कहा कि यहां का आसमान इस बात का गवाह है कि देश नई ऊंचाइयों को छू रहा है, यही न्यू इंडिया की हकीकत है।
पीएम मोदी ने कहा कि एयरो इंडिया का 2023 का शो भारत की ग्रोथ स्टोरी का उदाहरण है। पीएम ने कहा कि इस साल के एयरो इंडिया शो में 100 से अधिक देशों की भागीदारी नए भारत में दुनिया के भरोसे को दर्शाती है। इस साल के आयोजन ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और इसमें MSME, भारतीय स्टार्टअप के साथ-साथ दुनिया भर की स्थापित कंपनियों सहित सभी स्तरों से भागीदारी हुई है।
पीएम मोदी ने कहा कि यह आयोजन एक और वजह से बहुत खास है। यह कर्नाटक जैसे एक ऐसे राज्य में हो रहा है जिसे तकनीक की दुनिया में विशेष महारत हासिल है। इस आयोजन से एयरो स्पेस और डिफेंस के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे। कर्नाटक के युवाओं के लिए नई संभावनाएं पैदा होंगी।
पीएम ने कहा कि जब कोई देश नई सोच और नई अप्रोच के साथ आगे बढ़ता है तो उसकी व्यवस्थाएं भी नई सोच के साथ ढलने लगती हैं। आज का ये आयोजन भारत की नई सोच को भी प्रतिबिंबित करता है। आज ये आयोजन केवल एक शो नहीं है, ये भारत की स्ट्रेंथ भी है और भारत की डिफेंस इंडस्ट्री के स्कोप और सेल्फ कॉन्फिडेंस को भी फोकस करता है।
पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत की संभावनाओं और सामर्थ्य का प्रमाण हमारी सफलताएं दे रही हैं। आकाश में गर्जना करते तेजस विमान ‘मेक इन इंडिया’ की सफलता का प्रमाण है। 21वीं सदी का नया भारत अब ना कोई मौका खोएगा और ना ही अपनी मेहनत में कोई कसर छोड़ेगा। हम कमर कस चुके हैं।
उन्होंने ने कहा कि भारत ने बीते 8-9 साल में अपने यहां डिफेंस के क्षेत्र का कायाकल्प कर दिया है। हम अभी इसे केवल एक शुरुआत मानते हैं। हमारा लक्ष्य है कि हम वर्ष 2024 -25 तक डिफेंस एक्सपोर्ट को 5 बिलियन डॉलर तक ले जाएंगे। भारत अब डिफेंस उत्पादक देशों में शामिल होने के लिए तेजी से कदम बढ़ाएगा।
पीएम ने कहा कि ‘अमृतकाल’ का भारत एक फाइटर पायलट की तरह आगे बढ़ रहा है, जिसको ऊंचाइयां छूने से डर नहीं लगता। जो सबसे ऊंची उड़ान भरने के लिए उत्साहित है। आज का भारत तेज सोचता है, दूर की सोचता है और तुरंत फैसले लेता है। एक बात और, भारत की रफ़्तार चाहे जितनी तेज हो लेकिन वो हमेशा जमीन से भी जुड़ा रहता है।
पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत विश्व रक्षा कंपनियों के लिए सिर्फ एक बाजार नहीं है, बल्कि एक भागीदार है। भारत उन देशों के लिए भी एक उपयुक्त भागीदार के रूप में उभर रहा है जो अपनी सुरक्षा जरूरतों को पूरा करना चाहते हैं। हमारी तकनीक लागत प्रभावी होने के साथ-साथ ईमानदार इरादे के साथ विश्वसनीय है।