मुलायम सिंह यादव का 82 साल की उम्र निधन, कल सैफई में होगा अंतिम संस्कार

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का सोमवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। लंबी बीमारी के बाद 82 साल की उम्र मुलायम सिंह यादव ने अंतिम सांस ली।
बीते दिनों सपा मुखिया की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। जिसके बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया था। मुलायम सिंह के निधन के बाद समाजवादी परिवार में शोक की लहर डूब गई है। मुलायम सिंह यादव के बेटे अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनके निधन की खबर दी है।
बता दें बीते दिनों से मुलायम सिंह यादव ICU में एडमिट थे। उनकी तबीयत बिगड़ने की सूचना पर बेटे अखिलेश यादव, भाई शिवपाल यादव और बहू अपर्णा यादव दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे। सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन से भारतीय राजनीतिक जगत को भारी छति हुई है।
55 साल से ज्यादा समय तक राजनीति में सक्रिय रहने वाले सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को इटावा जिले के सैफई में हुआ था। उन्होंने राजनीति शास्त्र में एमए की पढ़ाई की थी। साल 1967 में पहली बार यूपी के जसवंत नगर से विधायक निर्वाचित होकर विधानसभा पहुंचे थे और फिर उन्होंने अपने राजनीतिक करियर में कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। आठ बार विधायक निर्वाचित हुए तो वहीं सात बार लोकसभा सांसद बने। 1996 में उन्हें यूनाइटेड फ्रंट गठबंधन की सरकार में रक्षा मंत्री बनने का भी अवसर मिला।
सोशल मीडिया पर मुलायम सिंह यादव के निधन की खबर पर सपा पार्टी के साथ-साथ अन्य पार्टी के नेता और कार्यकर्ता भी शोक व्यक्त कर रहे हैं। बता दें कि तीन महीने पहले उनकी पत्नी साधना गुप्ता का भी निधन हो गया था।