महाराष्ट्र को मिली 2 वंदे भारत ट्रेनों की सौगात, पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी

मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र को दो नई वंदे भारत ट्रेनों की सौगात दी है। आज पीएम मोदी ने हरी झंडी दिखाकर मुंबई टू शिरडी और मुंबई टू सोलापुर दो ट्रेनों की शुरुआत की है। पीएम ने एक साथ दो वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई है। इस मौके पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद रहे.
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आज का दिन भारतीय रेल और विशेष रूप से मुंबई और महाराष्ट्र की कनेक्टिविटी के लिए बहुत बड़ा है। आज एक साथ 2 वंदे भारत ट्रेनें शुरू हुई हैं। इससे सभी को सुविधा मिलेगी और यह महाराष्ट्र में पर्यटन और तीर्थ यात्रा को बहुत अधिक बढ़ावा देने वाली है।
पीएम मोदी ने कहा कि वंदे भारत ट्रेन आज के आधुनिक होते भारत की बहुत ही शानदार तस्वीर है। यह भारत की स्पीड और स्केल दोनों का प्रतिबिंब है। अभी तक 10 ऐसी ट्रेनें शुरू हो चुकी हैं और 17 राज्यों के 108 जिले वंदे भारत एक्सप्रेस से कनेक्ट हो चुके हैं।
पीएम ने कहा कि आज देश में आधुनिक ट्रेनें चलाई जा रही हैं, मेट्रो का विस्तार हो रहा है, नए-नए एयरपोर्ट्स और पोर्ट्स बनाए जा रहे हैं। भारत के इतिहास में पहली बार 10 लाख करोड़ रुपये भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए रखे गए हैं। यह 9 साल की तुलना में 5 गुना अधिक है जिसमें रेलवे का हिस्सा 2.5 लाख करोड़ है। मुझे विश्वास है कि डबल इंजन की सरकार के डबल प्रयासों से महाराष्ट्र में कनेक्टिविटी और तेजी से आधुनिक बनेगी।
इसके साथ ही पीएम मोदी ने वंदे भारत को लेकर बजट में किए गए विशेष मोर्चे पर कहा कि इस बार के बजट में मध्यम वर्ग को मजबूती दी गई है। भाजपा सरकार ने पहले 5 लाख तक की कमाई पर छूट दी और अब इसे बढ़ा कर 7 लाख तक कर दिया गया है। हमारे युवा अब ज्यादा निवेश कर पाएंगे। गरीब और मध्यम वर्ग के हित में काम करने वाली सरकार ऐसे ही फैसले लेती है।