जेपी नड्डा का राहुल गांधी पर बड़ा हमला, कहा- विदेशी धरती पर कर रहे भारत का अपमान

नई दिल्ली। बीजेपी अध्यक्ष ने जेपी नड्डा ने बयान जारी कर कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस पार्टी देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्त है। देश द्वारा कई बार नकारे जाने के बाद राहुल गांधी अब देश विरोधी टूलकिट का स्थायी हिस्सा बन गए हैं। जब देश दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और जी20 की बैठकें भारत में हो रही हैं तो राहुल गांधी विदेशी धरती पर देश और संसद का अपमान कर रहे हैं। मैं इस सबके पीछे कांग्रेस नेता की मंशा जानना चाहता हूं।
जेपी नड्डा ने आगे कहा कि राहुल गांधी द्वारा बार-बार एक निर्वाचित बहुमत वाली सरकार के खिलाफ देशविरोधी बयान देना भारत के 130 करोड़ लोगों का अपमान है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का ये कहना कि देश में लोकतंत्र खत्म हो गया और इस पर अमेरिका और यूरोप को हस्तक्षेप करना चाहिए, इससे ज्यादा शर्मनाक बात और क्या हो सकती है।
बीजेपी अध्यक्ष ने राहुल गांधी ने सवाल पूछते हुए कहा कि आपने भारत के आंतरिक मामलों में दूसरे देशों को हस्तक्षेप की मांग की है, इसके पीछे आपका इरादा क्या है? नड्डा ने आगे कहा कि भारत के आंतरित मामलों में किसी दूसरे से हस्तक्षेप की मांग करना देश की संप्रभुता पर हमला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपने देश को बदनाम कर रहे हैं। आज पाकिस्तान और कांग्रेस की भाषा एक जैसी हो गई है।