Dec 09 2023 / 12:39 AM

वर्ल्ड कप में भारत की सबसे बड़ी जीत, श्रीलंका को 302 रन से हराया, सेमीफाइनल में हुई एंट्री

Spread the love

नई दिल्ली। आज वर्ल्ड कप 2023 का 33वां मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और श्रीलंका के बीच खेला गया। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने श्रीलंका को बुरी तरह से हराया और 302 रनों से बड़ी जीत दर्ज की। इसी के साथ भारत ने वर्ल्ड कप 2023 के सेमीफाइनल में भी जगह बना ली है।

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 357 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 19.4 ओवरों में महज 55 रन पर ढेर हो गई। यह रनों के लिहाज से वर्ल्ड कप की दूसरी सबसे बड़ी और भारत की वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे बड़ी जीत है। श्रीलंका का यह स्कोर उसका संयुक्त रूप से तीसरा न्यूनतम और वर्ल्ड कप का चौथा न्यूनतम स्कोर है।

मेजबान भारत वर्ल्ड कप 2023 में सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली टीम भी बन गई है। मोहम्मद शमी को 5 विकेट चटकाने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया। इस वर्ल्ड कप में उन्होंने दूसरी बार ये कारनामा किया। वहीं, वर्ल्ड कप के इतिहास में तीसरी बार 5 विकेट चटकाए।

जसप्रीत बुमराह ने पहले ओवर की पहली गेंद पर ही श्रीलंकाई बल्लेबाज पथुम निशंका को आउट कर दिया। इसके बाद मोहम्मद सिराज ने कहर बरपा दिया। उनके आगे श्रीलंकाई बल्लेबाज टिक नहीं पाए। सिराज ने श्रीलंकाई पारी का दूसरा ओवर किया और 2 विकेट हासिल किए। श्रीलंका की तरफ से ऐसा वर्ल्ड कप में दूसरी बार हुआ कि दोनों ओपनर्स खाता तक नहीं खोल पाए।

श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा 14 रन कसुन रंजीता ने बनाए। वहीं पांच खिलाड़ी ऐसे रहे, जो अपना खाता तक नहीं खोल पाए। इनमें पथुम निशंका, दिमुथ करुणारत्ने, सदीरा समरविक्रमा, दुसन हेमंथा और दुष्मंथा चमीरा शामिल हैं। भारतीय गेंदबाजों के आगे श्रीलंकाई खिलाड़ी की एक भी नहीं चली। श्रीलंकाई टीम का हर दांव भारतीय गेंदबाजों के आगे फेल हो गया। मोहम्मद शमी ने पांच विकेट, मोहम्मद सिराज ने 3 विकेट, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा ने 1-1 विकेट चटकाया।

Chhattisgarh