Dec 08 2023 / 10:23 PM

उत्तराखंड: केदारनाथ में तीर्थयात्रियों को लेकर जा रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, 7 लोगों की मौत

Spread the love

नई दिल्ली। उत्तराखंड के केदारनाथ में आज बड़ा हादसा हो गया। केदारनाथ में तीर्थयात्रियों को ले जा रहा हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। हादसे के वक्त हेलिकॉप्टर में 7 लोग सवार थे। इस हादसे में सभी सवार लोगों की मौत हो गई है। हेलिकॉप्टर में सवार 6 श्रद्धालुओं समेत 7 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी हैं। प्रशासन की तरफ से इस घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

बताया जा रहा है कि ये हेलिकॉप्टर केदारनाथ से वापस लौट रहा था, उसी वक्त ये हादसा हुआ है। जहां पर ये हादसा हुआ है वो केदारनाथ धाम जाने वाला पुराना रास्ता था। हादसे की वजह खराब मौसम और कोहरा बताया जा रहा है। घने कोहरे की वजह से हेलिकॉप्टर जमीन से टकरा गया। हादसे के बाद हेलिकॉप्टर में आग लग गई।

प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अशोक कुमार ने बताया कि करीब पौने बारह बजे हुई दुर्घटना में मरने वालों में पायलट भी शामिल है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के शिकार श्रद्धालु रूद्रप्रयाग जिले में स्थित केदारनाथ मंदिर के दर्शन कर वापस आ रहे थे कि तभी केदारनाथ से दो किलोमीटर आगे रास्ते में उनके हेलीकॉप्टर में आग लग गयी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उत्तराखंड हेलीकॉप्टर हादसे पर दुख जताया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा- केदारनाथ धाम के पास हुए हेलीकॉप्टर दुर्घटना में पायलट सहित कई तीर्थयात्रियों के निधन का समाचार बहुत दुखद है। अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं गहन शोक-संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर दुख जताते हुए कहा- इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा-केदारनाथ के समीप गरुड़ चट्टी में दुर्भाग्यपूर्ण हेलीकॉप्टर क्रैश में कुछ लोगों के हताहत होने का अत्यंत दु:खद समाचार प्राप्त हुआ है। राहत और बचाव कार्य हेतु SDRF और जिला प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। इस दु:खद घटना के विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए है।

Chhattisgarh