राज्यपाल से मिलने पहुंचे देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे, आज शाम 7 बजे होगा शपथ ग्रहण

नई दिल्ली। महाराष्ट्र में जारी सियासी घमासान अब जल्द ही थमने वाला है। बुधवार देर रात उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी ने मंगलवार देर रात ठाकरे को बहुमत परीक्षण के निर्देश दिए थे। शिवसेना ने इसे सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। लेकिन कोर्ट से राहत नहीं मिली, तो उद्धव ने फेसबुक लाइव पर आकर त्यागपत्र की घोषणा कर दी।
वहीं आज देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे राज्यपाल से मिलने पहुंचे। यहां उनकी राज्यपाल से मुलाकात जारी है। देवेंद्र फडणवीस आज सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद मीडिया से बात करेंगे। 7 बजे शपथ ग्रहण होगा जिसमें देवेंद्र फडणवीस सीएम पद की शपथ लेंगे।
फडणवीस के साथ एकनाथ शिंदे भी शपथ लेंगे। दूसरे चरण में मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। फडणवीस सभी से सहमति एवं आम राय बनाकर मंत्रिमंडल बनाएंगे ताकि बाद में कोई नाराज न हो। विधानसभा सत्र में बहुमत साबित करने के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा।