दिग्विजय सिंह ने सर्जिकल स्ट्राइक पर उठाए सवाल, कहा- केंद्र सरकार बात करती है, प्रमाण नहीं देती

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने सोमवार को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान केंद्र पर जमकर निशाना साधा। उन्होने एक बार फिर पाकिस्तान में हुई सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाया। दिग्विजय सिंह ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार सर्जिकल स्ट्राइक की बात करती है। वे दावा करते हैं कि हमने इतने लोग मार गिराए लेकिन प्रमाण कुछ नहीं। केवल ये झूठ के पुलिंदा से ये राज कर रहे हैं। मैं आपसे कहना चाहता हूं ये देश सबका है।
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर फैसला नहीं कराना चाहती, यहां की समस्या का निदान नहीं करना चाहती। यह समस्या कायम रखना चाहती है ताकि कश्मीर फाइल्स जैसी फिल्म बनती रहें और लोगों में हिंदू-मुसलमान में नफरत फैलाते रहें। कभी आपने देखा कोई प्रधानमंत्री किसी फिल्म का प्रचार करने गया हो।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि जब से जम्मू-कश्मीर में धारा 370 हटी है तब से फायदा किसका हुआ। ये कहते थे आतंकवाद समाप्त हो जाएगा। हिंदुओं का बोलबाला हो जाएगा लेकिन जब से धारा 370 हटी है आतंकवाद बढ़ा है। रोज कुछ न कुछ घटना हो रही है। पहले आतंकवाद घाटी तक सीमित था। अब धीरे-धीरे राजौरी, पुंज और डोडा तक आ रहा है। हुकूमत यहां का फैसला नहीं करना चाहती।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि बीजेपी की नीति है झूठ बोलो, जोर से बोलो, बार बार बोलो है। जिससे सिर्फ हिन्दू मुसलमान की लड़ाई होती रहे। अगर प्रधानमंत्री मोदी को पाकिस्तान से इतनी नाराजगी है तो बिना बुलाए नवाज शरीफ के घर शादी कार्यक्रम में क्यों पहुंच गए थे। पुलवामा हमले की जानकारी पीएम मोदी ने देश के सामने और संसद के सामने नहीं रखा।
कांग्रेस नेता ने कहा कि विरोधी कहते हैं भारत टूटा कब जो कांग्रेस जोड़ रही है। मैं कहता हूं जिस तरह से आपने (बीजेपी) अपने बयानों से नफरत पैदा की है। भाई भाई में नफरत, महंगाई बढ़ी, बेरोजगारी बढ़ी, मगर मोदी के दोस्तों की आमदनी और संपत्ति बढ़ी बढ़ी है।