कुबेरेश्वर धाम में रुद्राक्ष लेने उमड़ी भीड़, बैरिकेड टूटे, भोपाल-इंदौर मार्ग पर 20 किमी लंबा जाम

सीहोर। सीहोर के पास कुबेरेश्वर धाम में शिव महापुराण कथा और रुद्राक्ष महोत्सव शुरू हो गया है। रुद्राक्ष वितरण कार्यक्रम में करीब दस लाख श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी है। इसके चलते इंदौर-भोपाल हाईवे पर जाम लगा है। करीब 20 किमी लंबा जाम लग गया है। भीड़ की वजह से भगदड़ जैसे हालात बने हैं। कई लोग चक्कर खाकर गिरे।
रुद्राक्ष महोत्सव में शामिल होने आई तीन महिलाएं लापता है, जिनकी तलाश में परिजन सहित पुलिस जुटी हुई है। एक महिला के मरने की भी सूचना है। हालांकि इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। भीड़ के कारण मोबाइल टावरों पर लोड बढ़ने से सिग्नल नहीं मिल रहे। ऐसे में लोग बिछड़ रहे हैं। कई लोग अपनों को बदहवास होकर ढूंढ रहे हैं।
रुद्राक्ष के लिए एक से डेढ़ किलोमीटर लंबी कतार लगी थी। बुधवार को इस कतार में 2 लाख से ज्यादा लोग लगे हुए थे। वहीं गुरुवार दोपहर तक करीब 10 लाख लोग सीहोर पहुंच चुके हैं। भीड़ को रोकने के लिए बांस और बल्लियों से बने बैरिकेड सैलाब बनी इस भीड़ को रोक नहीं पाए।
हालत यह है कि हजारों श्रद्धालुओं ने मैदान में ही साड़ी-चद्दर का तंबू बनाकर अपना सामान जमा लिया। जिसे जहां जगह मिली, वहीं पर बैठ गया। खुले मैदान में धूप बढ़ी तो श्रद्धालुओं ने चादर व साड़ी से छोटे-छोटे तंबू बना लिए। पैदल आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती देख पुलिस ने धाम तक पहुंचने के मुख्य द्वार को भी खोल दिया है।
पुलिस ने प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश दिए हैं। आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी कुबेरेश्वर धाम आ सकते हैं। 18 फरवरी को पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी यहां आने वाले हैं।