मुख्यमंत्री बीरेन सिंह नहीं देंगे इस्तीफा, समर्थन में उतरीं महिलाएं

नई दिल्ली। देश का पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर बीते दो महीनों से हिंसा का आग में झुलस रहा है। यही वजह है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री बीरेन सिंह के कामकाज और शासन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इस बीच इस्तीफे की अटकलों पर विराम लगाते हुए मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कहा कि राज्य महत्वपूर्ण मोड़ पर है। ऐसी स्थिति में मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैं मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं दूंगा।
हालांकि सीएम बीरेन सिंह के ट्वीट से पहले ही इसको लेकर संकेत मिलना शुरू हो गए थे, कि वे अपने पद से इस्तीफा नहीं देने वाले हैं। दरअसल सीएम बीरेन सिंह की समर्थक महिलाओं ने सबके सामने मुख्यमंत्री के बीरेने सिंह का इस्तीफा पत्र ही फाड़ दिया था। वहीं से इस बात को बल मिल गया था कि वे अपना इस्तीफा नहीं देने जा रहे हैं।
बता दें कि बीरेन सिंह के समर्थक बड़ी संख्या में उनके घर के बाहर एकत्र हुए हैं और बीरेन सिंह को इस्तीफा नहीं देने की मांग तथा सीएम हाउस वापस आने की मांग कर रहे हैं। ऐसे में समर्थकों व जनता के दबाव में बीरेन सिंह ने इस्तीफा नहीं दिया है।
बता दें कि बीरेन सिंह के समर्थन में महिलाएं भी सड़कों पर उतर आई हैं। वर्तमान में राहुल गांधी मणिपुर में हैं और उन्होंने बीते कल हिंसा से प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनका हाला जाना था। उन्होंने वीरेन सिंह की सरकार पर आरोप लगाया था कि हालात को संभालने में सरकार नाकाम रही है।