Oct 04 2023 / 4:36 AM

जम्मू-कश्मीर: ITBP जवानों से भरी बस खाई में गिरी, 7 जवान शहीद

Spread the love

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को बड़ा हादसा हुआ। आईटीबीपी जवानों को लेकर जा रही बस चंदनवाड़ी इलाके में खाई में गिर गई। हादसे में 7 जवानों की मौत हो गई है, जिनमें आईटीबीपी के 6 और 1 पुलिसकर्मी शामिल है। 32 जवान घायल हैं जिनमें 8 की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गंभीर रूप से घायल जवानों को इलाज के लिए श्रीनगर स्थित आर्मी हॉस्पिटल में एयरलिफ्ट किया गया है। अन्य घायल जवानों का अनंतनाग के हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।

इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, बस में 39 जवान सवार थे। इनमें आईटीबीपी 37 और जम्मू-कश्मीर पुलिस के 2 जवान थे। बस का ब्रेक फेल होने के चलते यह हादसा हुआ।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि आईटीबीपी के दो कर्मियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य ने बाद में दम तोड़ दिया। हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका है। उन्होंने बताया कि ने बताया कि हताहतों को ले जाने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के हेलीकॉप्टर को तैनात किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बस में सवार जवान अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी से वापस लौट रहे थे। घटनास्थल के लिए आईटीबीपी के कमांडोज को रवाना किया गया है, ताकि रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाई जा सके।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आईटीबीपी के जवानों की मौत पर दुख जाहिर किया है। राष्ट्रपति भवन ने ट्वीट किया, जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में आईटीबीपी कर्मियों के अनमोल जीवन के नुकसान से मैं दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के लिए मेरी गहरी संवेदना। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

Chhattisgarh