सिक्किम में सेना का ट्रक खाई में गिरा, 16 जवान शहीद, 4 घायल

नई दिल्ली। सिक्किम में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। सेना के एक ट्रक का दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इसमें 16 जवान शहीद हो गए हैं। बताया जा रहा है कि इस हादसे में 4 जवान घायल भी हुए हैं। सेना के अधिकारी के मुताबिक घटना जेमा, उत्तरी सिक्किम में हुई। दुर्घटनाग्रस्त वाहन तीन वाहनों के काफिले का हिस्सा था, जो चटन से सुबह थंगू की तरफ जा रहा था।
घटना के बाद मिली जानकारी के अनुसार जेमा के रास्ते में वाहन एक तीखे मोड़ पर एक खड़ी ढलान पर फिसल गया। एक बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया और चार घायल सैनिकों को हवाई मार्ग से निकाला जा रहा है। इसमें दुर्भाग्य से तीन जूनियर कमीशंड अधिकारियों और 13 सैनिकों ने दुर्घटना में लगी चोटों के कारण दम तोड़ दिया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सिक्किम में हुए सड़क दुर्घटना में भारतीय सेना के वीर जवानों की शहादत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। राष्ट्रपति ने कहा, मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।
सिक्किम में हुए दुखद सड़क दुर्घटना पर पीएम नरेंद्र मोदी ने दुख प्रकट किया है। पीएम ने कहा, शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जवानों की शहादत पर दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। रक्षा मंत्री ने ट्वीट किया, उत्तर सिक्किम में एक सड़क दुर्घटना के कारण भारतीय सेना के जवानों की जान जाने से गहरा दुख हुआ। राष्ट्र उनकी सेवा और प्रतिबद्धता के लिए दिल से आभारी है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना। जो लोग घायल हुए हैं उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करते हैं।