अनुराग ठाकुर ने विपक्षी महाबैठक पर साधा निशाना, कहा- रंगमंच सज रहा है

नई दिल्ली। बिहार की राजधानी पटना में आज 15 विपक्षी दलों के नेताओं की महाबैठक हुई। इस मीटिंग में भाजपा को लगातार तीसरी बार केंद्र की सत्ता में आने से रोकने को लेकर चर्चा हुई। इस बीच अब भारतीय जनता पार्टी ने इस बैठक पर निशाना साधा है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने विपक्ष ड्रामेबाज बताकर बैठक पर तंज कसा है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि रंगमंच सज चुका है, नाटकमंडली एकत्रित हो चुकी है। कैसे उस मंच पर एकत्रित हो गए जहां ममता बनर्जी कांग्रेस को कहती है बंगाल छोड़ दो, अखिलेश कहते हैं यूपी छोड़ दो, लालू-नीतीश कहते हैं बिहार छोड़ दो। अनुराग ठाकुर ने सवाल पूछा कि कांग्रेस क्या गठबंधन में कुर्सियां लगाने के लिए रह जाएगी?
वहीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने इसे भ्रष्टाचार और परिवारवाद का स्वार्थी गठबंधन बताया है। विपक्ष की बैठक पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि यह स्वार्थ का गठबंधन है, जिसके निशाने पर हिंदुस्तान है। वे राजनीतिक दल जो कभी एक दूसरे को फूटी आंख नहीं सुहाते थे, वे एकत्रित हुए हैं एक ऐसे संकल्प के साथ जो भारत को आर्थिक प्रगति से वंचित करता है। यह राजनीतिक दल पहले जब भी एक साथ आए हैं, तब भ्रष्टाचार, परिवारवाद साथ लाएं, ये राष्ट्र की आर्थिक प्रगति को संकुचित करने का अपने संग आरोप लेकर आएं हैं।