Jun 02 2023 / 1:03 PM

केंद्रीय कैबिनेट में एक और फेरबदल, एसपी सिंह बघेल का भी विभाग बदला, स्वास्थ्य मंत्रालय भेजा

Spread the love

नई दिल्ली। केंद्रीय कैबिनेट में एक और फेरबदल किया गया है। किरेन रिजिजू के बाद एसपी सिंह बघेल का भी विभाग बदला है। वे कानून और न्याय मंत्रालय में राज्यमंत्री थे। अब उन्हें इस मंत्रालय से हटाकर स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय भेज दिया गया है। वह अब राज्यमंत्री के रूप में कार्यप्रभार संभालेंगे। राष्ट्रपति ने पीएम मोदी की सलाह पर राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल का मंत्रालय बदल दिया है।

इससे पहले कानून मंत्री किरेन रिजिजू का विभाग बदल दिया गया। रिजिजू की जगह अब अर्जुन राम मेघवाल कानून मंत्री होंगे। अब किरेन रिजिजू भू विज्ञान मंत्रालय का काम संभालेंगे। रिजिजू ने 8 जुलाई 2021 को कानून मंत्री के रूप में पदभार संभाला था।

एसपी सिंह बघेल मौजूदा समय में आगरा लोकसभा सीट से सांसद हैं। वे यूपी पुलिस में सब इंस्पेक्टर रहे। 1989 में जब मुलायम सिंह यादव सीएम बने तो एसपी सिंह बघेल उनकी सुरक्षा में तैनात रहे। मुलायम ही उन्हें राजनीति में लेकर आए थे। 1998 में सपा ने उन्हें जलेसर सीट से उतारा और वे पहली बार विधायक बने। फिर मुलायम सरकार में मंत्री भी रहे। 2014 के चुनाव से पहले एसपी सिंह बघेल बीजेपी में आ गए।

बीजेपी ने उन्हें फिरोजाबाद सीट से सपा महासचिव प्रोफेसर राम गोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव के खिलाफ उतारा। लेकिन चुनाव हार गए। इसके बाद 2017 के विधानसभा चुनाव में टुंडला से विधायक और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री बने। मंत्री रहते हुए 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें आगरा से मैदान में उतारा गया और उन्होंने चुनाव जीत लिया। मोदी सरकार ने उन्हें अपने कैबिनेट विस्तार में राज्यमंत्री बनाया था।

Chhattisgarh