पंजाब में मंत्री की बर्खास्तगी पर बोले अरविंद केजरीवाल- भ्रष्टाचार करना देश के साथ गद्दारी के सामान…

नई दिल्ली। पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को मंगलवार पद से बर्खास्त कर दिया गया। उन्हें भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई पर सीएम भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार का रुख भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं करने का है।
मान के निर्णय पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम कट्टर ईमानदार हैं। उन्होंने कहा कि आज पंजाब के सीएम भगवंत मान ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री को बर्खास्त कर दिया। जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। इस भ्रष्टाचार के बारे में किसी को नहीं पता था, न मीडिया और न ही विपक्ष को। अगर सीएम भगवंत मान चाहते तो ‘सेटिंग’ के साथ इसका एक टुकड़ा मांगते।
उन्होंने कहा, भगवंत मान आप पर हमें गर्व है। भ्रष्टाचार करना देश के साथ गद्दारी के सामान है। उन्होंने कहा कि हमने जो किया इसके लिए हिम्मत चाहिए। आप पार्टी ने यह साबित कर दिया है कि भ्रष्टाचार के बिना भी पार्टी को चलाया जा सकता है।
सीएम केजरीवाल ने कहा अगर हमारा अपना भी कोई चोरी करेगा, तो भी हम उसे छोड़ेंगे नहीं। अभी तक देखा गया कि सभी पार्टियों में आपस में सेटिंग होती थी, अपनों को पकड़ना तो दूर एक-दूसरे के नेताओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं करते थे। पहली बार ऐसा हुआ है कि कोई पार्टी अपने लोगों के भ्रष्टाचार के खिलाफ एक्शन ले रही है। भगवंत भाग के निर्णय से बहुत से लोग खुश हैं, उन्हें यकीन नहीं हो रहा है कि कोई सरकार इतनी ईमानदार हो सकती है।